बांका। बठिंडा (पंजाब) से शादी की नीयत से भगाई गई नाबालिग लड़की प्रीति कुंवर (काल्पनिक नाम) को बिहार पुलिस ने बांका से बरामद कर लिया है। पुलिस ने लड़की के प्रेमी वीरू कुमार साह के साथ बांका के मुख्य न्यायिक मजिस्ट्रेट भरत तिवारी के कोर्ट में प्रस्तुत किया। कोर्ट ने दोनों को तीन दिनों की ट्रांजिट रिमांड पर बठिंडा पुलिस के हवाले कर दिया। इससे पहले मंगलवार को ही बठिंडा पुलिस ने अमरपुर पुलिस की मदद से लक्ष्मीपुर चिरैया गांव स्थित प्रेमी के घर छापेमारी कर प्रेमी युगल जोड़ा को बरामद किया था। मामले में लड़की के परिजन ने बठिंडा (पंजाब) जिले के कैनाल कॉलोनी थाना में अपहरण की प्राथमिकी दर्ज कराया था। पुलिस ने प्रेमी के मोबाइल लोकेशन के आधार पर दोनों को गिरफ्तार किया है। प्रेमी युगल ने शादी कर लिया है और लड़की एक माह से गर्भवती है।
पड़ोसी से किया है प्रेम विवाह
अमरपुर थानाध्यक्ष नागेन्द्र नाथ ओझा ने बताया कि आरोपी युवक कैनाल कॉलोनी इलाके में मजदूरी का काम करता था। इस दौरान पड़ोस की एक लड़की से प्रेम करने के पश्चात भाग कर शादी कर ली। लड़की के गर्भवती होने पर प्रेमी ने लक्ष्मीपुर चिरैया स्थित अपने घर पहुंच गया।
संयुक्त टीम में ये थे शामिल
छापेमारी दल के संयुक्त अभियान में अमरपुर के थानाध्यक्ष नागेन्द्र नाथ ओझा और पूरी पुलिस टीम तथा कैनाल कॉलोनी (बठिंडा) थाने के एएसआई सुखमंदर सिंह, हेड कॉस्टेबल गुरुचरण सिंह, महिला कॉस्टेबल कमलजीत कौर एवं रमणदीप कौर शामिल थीं।