भागलपुर। पटना की एसटीएफ की पुलिस ने सुल्तानगंज थाने की पुलिस की सहयोग से शुक्रवार की देर रात रेलवे ओभर ब्रीज के समीप कृष्णगढ़ चौंक के समीप छापेमारी कर तीन इंडिगो कार से करीब तीन क्विंटल गांजा के साथ सात लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। खुले बाजार में जप्त गांजा की कीमत २५ से ३क् लाख रुपए आंकी गई है। गुप्त सूचना के आधार पर एसटीएफ और पुलिस द्वारा की गई कार्रवाई के बाद यह सफलता हाथ लगी है। माना जा रहा है कि तस्करों ने श्रावणी मेला के दौरान नशेड़ियों के बीच गांजे की खपत करने की योजना थी। हालांकि, मेला आने में अभी ढेड़ माह शेष है। पुलिस बरामद गांजे को पटना में खपाने की बात बता रही है। गिरफ्तार तस्करों की पुलिस अपराधिक इतिहास खंगाल रही है तथा उसके निशानदेही पर मुख्य सरगना तक पहुंचने के प्रयास में जुटी है।
कैसे गिरफ्त में आए तस्कर
सुल्तानगंज थानाध्यक्ष राघवेन्द्र कुमार सिंह ने बताया कि मुख्य तस्कर ने मौलानाचक (भागलपुर) निवासी पप्पू उर्फ शमीम और मो. कल्लू को सात क्विंटल गांजा उडिशा से लाकर पश्चिम बंगाल में डिलिवर किया गया। इसके बाद दोनों अन्य साथियों के साथ तीन इंडिका में लोडकर सड़क मार्ग होते हुए पटना के लिए रवाना हुआ। उन्होंने बताया कि पटना तक डिलिवर करने के लिए दोनों को 6-6 हजार और बाकियों को 2-2 हजार रुपए मिलने थे। इस दौरान एसटीएफ को गुप्त सूचना मिली कि बड़े पैमाने की गांजे की खेप पटना लाई जा रही है। सूचना पर एसटीएफ ने जाल बिछाया और तस्कर को गिरफ्तार कर लिया।
महिला की गोली मार कर हत्या
नवगछिया। अनुमंडल के रंगरा थाना क्षेत्र के भीम दास टोला में शुक्रवार की देर रात अपने घर के बरामदा पर सोई एक महिला स्र्वणा देवी की अपराधियों ने गोली मार कर हत्या कर दी। बारदात के बाद अपराधी गांव से फरार हो गए। मामले में मृतका के पति सौदागर मंडल ने अपने पड़ोसी गोकुल मंडल, गोखल मंडल और बासुदेव मंडल को नामजद अभियुक्त बनाया है। हत्या के पीछे आपसी जमीन विवाद का होना प्रमुख कारण बताया जा रहा है। इस बावत थानाध्यक्ष सुभाष वैद्यनाथन ने बताया कि पुलिस शव को बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए नवगछिया अस्पताल भेज दिया गया है। उन्होंने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के छापेमारी की जा रही है।
रिपोर्ट में सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि
सहरसा. भादा गांव स्थित बहियार में दस वर्षीय बालिका के साथ सामूहिक दुष्कर्म की पुष्टि हो गई है। मेडिकल रिपोर्ट में खुलासा होने के बाद गांव में तनाव है। गौरतलब है कि सामूहिक दुष्कर्म के बाद शुक्रवार को मासूम की हत्या कर दी गई थी। परिजनों के बयान पर कुल आठ लोगों पर मामला दर्ज किया गया है। एक नामजद विक्कू यादव को गिरफ्तार पुलिस पूछताछ कर रही है।
प्रॉपर्टी डीलर की हत्या
मुंगेर . जिले के जमालपुर थाना क्षेत्र के शांतिनगर बहियार में अपराधियों ने एक प्रॉपर्टी डीलर की धारदार हथियार से गला काटकर हत्या कर दी। पुलिस ने शनिवार को बताया कि स्थानीय लोगों की सूचना के आधार पर बड़ी दरियापुर मोहल्ला निवासी प्रॉपर्टी डीलर 40 वर्षीय विपिन सिन्हा का शव शांतिनगर बहियार से बरामद किया गया है। पुलिस के अनुसार अपराधियों ने सिन्हा की पिटाई करने के बाद धारदार हथियार से गला काटकर उसकी हत्या कर दी है। हत्या के कारणों का तत्काल पता नहीं चल सका है। इस सिलसिले में संबंधित थाने में अज्ञात अपराधियों के खिलाफ एक मामला दर्ज करके पुलिस छानबीन कर रही है। शव को पोस्टमार्टम के लिए मुंगेर सदर अस्पताल भेजा गया है।
दीवार गिरने से मजदूर की मौत
जमुई . जिले के जमुई थाना क्षेत्र के बछियार गांव में शनिवार को एक निर्माणाधीन मकान की दीवार के अचानक गिर जाने से एक मजदूर की मौत हो गई जबकि चार अन्य घायल हो गए। पुलिस ने बताया कि बछियार गांव निवासी नंदकिशोर चौधरी के निर्माणाधीन घर पर कुछ मजदूर निर्माण कार्य में लगे थे तभी अचानक एक दीवार गिर गई। इस दुर्घटना की एक मजदूर की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि चार अन्य घायल हो गए। घायलों को स्थानीय अस्पताल में भर्ती कराया गया है।