किशनगंज. जिला मुख्यालय स्थित बैंक आॅफ इंडिया के शाखा प्रबन्धक ओम प्रकाश प्रसाद को सीबीआई टीम ने रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार कर लिया। एक बिचौलिया ममता जैन को भी शाखा परिसर से ही गिरफ्तार किया गया। टीम में शामिल इंस्पेक्टर अलय कुमार के अनुसार शाखा प्रबन्धक ने ग्रुप लोन में 6 युवकों को ऋण देने के लिये प्रति युवक 6-6 हजार रुपये घूस की मांग की थी।
चार युवकों ने महिला बिचौलिया ममता जैन के माध्यम से रिश्वत दे भी दी थी। पर किशनगंज प्रखंड के हालामाला के युवक निशांत अंजुम और कोचाधामन के युवक कफिस अहमद ने शाखा प्रबंधक के द्वारा रिश्वत मांगने की शिकायत सीबीआई, पटना को कर दी। तत्काल सीबीआई की टीम ने किशनगंज में इसकी छानबीन की। जैसे ही दोनों युवकों ने शाखा प्रबन्धक को रिश्वत की राशि 12 हजार दी टीम ने मैनेजर को गिरफ्तार कर लिया। सीबीआई द्वारा शाखा प्रबंधक के आवास में भी छापेमारी की गई।