गया. बिहार के गया जिले में बेलागंज के बाहुबली राजद विधायक डाॅ. सुरेंद्र प्रसाद यादव और उनके बॉडीगार्ड पर एक दुकानदार ने खौलता घी डाल दिया। उन्हें गंभीर हालत में अस्पताल में भर्ती कराया गया है। घटना के विरोध में राजद ने सोमवार को गया बंद का आह्वान किया है।
घटना गया के कोतवाली थाना अंतर्गत टिकारी रोड पर तिलकुट की एक दुकान में रविवार देर शाम हुई। पुलिस ने आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया है। विधायक डाॅ. यादव बेलागंज के मुखिया सुरेश यादव के यहां एक कार्यक्रम में शामिल होकर लौट रहे थे। रास्ते में उनका ड्राइवर और बाॅडीगार्ड तिलकुट लेने एक दुकान में गए। दोनों से किसी बात को लेकर दुकानदार की नोकझोंक हो गई। देखते ही देखते मामला बढ़ गया। विधायक बीच-बचाव करने पहुंचे तो दुकानदार और उसके कर्मचारियों ने उन पर खौलता घी फेंक दिया।
दुकानदार धीरेन्द्र कुमार और एक अन्य व्यक्ति भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। दुकानदार ने विधायक के खिलाफ थाने में शिकायत दर्ज कराई है। वहीं, विधायक के बयान पर दुकानदार के विरुद्ध केस दर्ज किया गया है।
विधायक का कहना है कि वहां भीड़ में मौजूद आपराधिक प्रवृति के लोगों ने व्यवसायी के इशारे पर उनके बाॅडीगार्ड से हथियार छीनने का प्रयास किया। उन पर भी हमला किया। विधायक ने कहा, "मुझे छाती में चोटें आई हैं। उबलता घी माथे पर उड़ेलने से कान का पर्दा, माथा और गर्दन बुरी तरह जल गया है।"
"मेरा चालक तिलकुट लेने गया तो किसी बात को लेकर दुकानदार से बहस हो गई। बीच-बचाव करने मैं गया तो दुकानदार ने खौल रहा घी मेरे ऊपर भी फेंक दिया।" -सुरेंद्र यादव, विधायक
"विधायक पर हुए हमले के मामले में उनके बयान पर प्राथमिकी दर्ज की गई है। आरोपी दुकानदार को गिरफ्तार कर लिया गया है।" - राकेश कुमार, सिटी एसपी, गया