छपरा. इसुआपुर थानेदार हत्याकांड के मुख्य आरोपी व कुख्यात चेक सिंह की बुधवार की देर शाम गोली मार कर हत्या कर दी गई। परसा थाना क्षेत्र के महारानी स्थान के समीप से पुलिस ने उसका शव बरामद किया।
उसे किसने मारा, यह किसी को पता नहीं। तरह-तरह की चर्चाएं हो रही हैं। बुधवार की देर शाम करीब साढ़े सात बजे महारानी स्थान के समीप किसी व्यक्ति को गोलियों से छलनी करने की खबर पुलिस को मिली। मौके पर पुलिस पहुंची। जब शव-शिनाख्त कराई गई, तो पता चला कि चेक सिंह का शव है।
डेढ़ माह पहले थानेदार को सरेआम गोली मारी थी
22 दिसंबर की दोपहर अपराधियों ने गोलियों से इसुआपुर थानेदार को भून दिया था। पांच की संख्या में अपराधी बैंक की कैश वैन लूटने की मंशा से पहुंचे थे। इसकी सूचना मिलने के बाद थानेदार ने जब अपराधियों की तलाशी लेनी शुरू की, तो अपराधियों ने अंधाधुंध फायरिंग कर थानेदार संजय तिवारी की हत्या कर दी थी। तीन अपराधियों को पुलिस ने गिरफ्तार कर चुकी है। मुख्य आरोपी दरियापुर का कुख्यात चेक सिंह था, जिसकी तलाश पुलिस को थी।
मुझे सूचना मिली है कि चेक सिंह की हत्या कर दी गई है। उसके शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराया जा रहा है। मृतक के परिजनों को भी इसकी सूचना दी जा रही है। छानबीन जारी है। - सत्यवीर सिंह, एसपी, सारण