गया/मानपुर. एटीएम में कैश डालने जा रहे सीएमएस कंपनी के गार्ड को बाइक सवार तीन हथियारबंद अपराधियों ने गोलियों से भून डाला और 11 लाख रुपए लूटकर फरार हो गए। घटना बुधवार को बुनियादगंज थाना के पटवा टोली दुर्गा स्थान मुहल्ले के पास घटी। चार गोलियां लगने से गार्ड नरेश पांडेय की मौके पर ही मौत हो गई।
अपराधियों ने गार्ड की बंदूक भी लूट ली लेकिन भागने के दौरान उसे मुफस्सिल थाना के गेरे रोड में फेंक दिया। पुलिस ने बंदूक को बरामद कर लिया है और अपराधियों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी कर रही है। पुलिस का दावा है कि अपराधियों के चेहरे सीसीटीवी में कैद हो गए हैं।
सीएमएस कंपनी की वैन दोपहर दो बजे के करीब पीएनबी और बैंक आॅफ इंडिया की एटीएम में रुपए डालने के लिए पहुंची थी। पीएनबी की एटीएम में पांच लाख रुपए डालने के बाद बैंक आॅफ इंडिया की एटीएम में 11 लाख रुपए डालने के लिए कैशटोरियन नरेश प्रसाद व गार्ड पैदल जाने लगे। एटीएम संकरी गली में है जिसके कारण उन्होंने वाहन को मुख्य रोड पर खड़ा कर दिया। इसी दौरान दो अपराधियों ने हमला बोल दिया।
नहीं बचेंगे लुटेरे: सीनियर एसपी
घटना की जानकारी के बाद एसएसपी गरिमा मल्लिक व सिटी एसपी रविरंजन कुमार सदल बल मौके पर पहुंचे। एसएसपी ने बताया कि जिले की सीमा सील कर छापेमारी की जा रही है। वारदात को अंजाम देने वाले नहीं बचेंगे। लुटेरों की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी हो रही है।
18 से 20 वर्ष की उम्र के थे लुटेरे
घटना को पूरी प्लानिंग के साथ अंजाम दिया गया। एटीएम में रुपए डालने वाली सीएमएस कंपनी की हर गतिविधियों को प्रतिदिन संभवत: अपराधी वाच कर रहे थे। सुरक्षा व्यवस्था की भी थाह ले रखी थी। तीन की संख्या में रहे पिस्तौल से लैस अपराधी काफी कम उम्र के बताए जाते हैं। प्रत्यक्षदर्शियों की मानें तो महज 18 से 20 वर्ष की उम्र के युवकों ने वारदात को अंजाम दिया। संकरी गली में रहे एटीएम मुख्य रोड से करीब पांच सौ मीटर की दूरी पर थे। अच्छी खासी तादाद वाले इस मुहल्ले में डर से किसी ने शोर नही मचाया।