पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Mahadalit Families Ran Away From Village After Goons Threat In Gaya

दबंगों ने दी जान लेने की धमकी तो डर से गांव छोड़ भागे 300 महादलित परिवार

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गया. गया में दबंगों के आतंक से गुरुवार को तीन सौ महादलितों ने गांव छोड़ दिया। मामला टेकारी थाने के पूरा गांव के मांझी टोले का है। अपना घर-द्वार छोड़ चुके महादलितों को फिलहाल टेकारी ब्लाॅक स्थित महादलित छात्रावास में ठहराया गया है। लेकिन, महादलित किसी भी कीमत पर गांव लौटने को तैयार नहीं हैं। हालांकि डीएम ने कहा कि ग्रामीणों को समझा-कर रोक लिया गया है। अब वे गांव जाने को तैयार हैं।
पलायन करने वालों में महिला, वृद्ध और बच्चे भी शामिल हैं। जैसे ही यह खबर फैली गया से पटना तक हड़कंप मच गया। डीजीपी पी के ठाकुर ने कहा कि ग्रामीणों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। उन्हें गांव में रुकने को कहा जाएगा।
वर्षों से कर रहे प्रताड़ित
बताया जाता है कि पूरा गांव के दबंगों द्वारा मांझी टोले के महादलितों को वर्षों से सताया जा रहा था। लेकिन, हाल के दिनों में तो हद ही हो गई। 20 सितम्बर को दबंग पैक्स अध्यक्ष प्रत्याशी उदय शंकर शर्मा ने साथियों के साथ मिलकर चुनाव में संभावित प्रतिद्वंद्वी वकील मांझी के भाई अर्जुन मांझी की निर्ममतापूर्वक हत्या कर दी और शव को उसके घर पर फेंक दिया। इतना ही नहीं, इस बाबत केस दर्ज कराने वाले महादलित परिवार सहित मांझी टोले के सभी महादलितों को गांव खाली करने का फरमान सुनाया। अन्यथा जान से मारने की धमकी दी थी।

बिछावन-बर्तन, बकरी-मुर्गी के साथ महादलितों के पलायन की खबर मिलते ही डीएम संजय कुमार अग्रवाल और एसएसपी निशांत कुमार तिवारी ने दो जगहों पंचानपुर के रामेश्वर बाग और सिंहापुर कृषि फाॅर्म के पास पलायन कर रहे लोगों को रोका और सुरक्षित स्थान पर शरण दी।
क्या है मामला
अर्जुन मांझी का भाई वकील मांझी पैक्स अध्यक्ष पद के लिए चुनाव लड़ रहा था। यह बात गांव के दबंग पैक्स अध्यक्ष प्रत्याशी उदय शंकर शर्मा को नहीं पची और उसने अपने सहयोगियों के साथ मिलकर पहले तो डरा-धमका कर वकील मांझी को चुनाव से अलग करना चाहा। जब वह नहीं माना, तो इन लोगों ने उसके भाई अर्जुन मांझी को लाठी-डंडे तथा राॅड से पीट-पीट कर मार डाला।

इनके विरुद्ध दर्ज है प्राथमिकी
मृतक के पुत्र नितय मांझी के बयान पर स्थानीय थाने में गांव के रीती शर्मा, गौतम, नरेंद्र शर्मा , नीरज शर्मा , उदय शंकर और सत्येंद्र शर्मा के विरुद्ध नामजद प्राथमिकी दर्ज की गई है।

एक आरोपी गिरफ्तार
एसएसपी ने बताया कि हत्या के मामले में नामजद अभियुक्तों की गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापामारी कर रही है। एक अभियुक्त गौतम को गिरफ्तार किया गया है। शीघ्र ही अन्य भी गिरफ्त में होंगे। ग्रामीणों को पूरी सुरक्षा दी जाएगी। उधर, स्थानीय विधायक अनिल कुमार ने मामले की निष्पक्ष जांच और अर्जुन मांझी के आश्रित को नौकरी देने की मांग की है।
पुलिस मुख्यालय ने मांगी रिपोर्ट
एडीजी मुख्यालय ने अर्जुन मांझी की हत्या के बाद ग्रामीणों के डरे-सहमे होने को लेकर देर से रिपोर्ट भेजने के लिए एसपी से रिपोर्ट मांगी है।
(टेकारी के पूरा गांव से पलायन करते मांझी परिवार)