बिहारशरीफ. पासपोर्ट सत्यापन के नाम पर दो हजार रुपये घूस ले रहा टाउन थाने का एसआई जफरूल्ला खां सोमवार को पकड़ा गया। निगरानी की टीम ने उसे रंगे हाथ धर दबोचा। वह थाना परिसर स्थित अपने सरकारी आवास पर बिहारशरीफ के मिरदाद मुहल्ला निवासी परवेज आलम से घूस ले रहा था। निगरानी की टीम उसे अपने साथ गाड़ी में बिठाकर पटना लेकर चली गई।
निगरानी डीएसपी महाराज कनिष्क ने बताया कि करीब 15 दिन पूर्व परवेज आलम ने एसआई के विरुद्ध निगरानी को शिकायत की थी। पैसे के लिये उसे परेशान किया जा रहा था। निगरानी टीम ने इंस्पेक्टर अमरनाथ सिंह, योगेन्द्र पासवान व अजीत कुमार शामिल थे।
एक माह के भीतर जिले में निगरानी के हत्थे दूसरा घूसखोर सरकारी कर्मी चढ़ा है। कुछ दिन पूर्व हिलसा के रजिस्ट्रार को गिरफ्तार किया गया था।