बेतिया. मंगलवार की रात बेतिया पुलिस के लिये उपलब्धियों की रात रही है। पुलिस ने जिले के श्रीनगर एवं गोपालपुर थाना क्षेत्र में छापेमारी कर एक करोड़ नब्बे लाख का 19 किलो चरस, 9 एमएम के 18 जिंदा कारतूस, 315 के तीन कारतूस, 12 बोर के 5 जिंदा कारतूस, 6 भरूआ कारतूस, बिन्डोलिया, एक मोबाइल, 12 बोर के एक एकनाली बंदूक, एक देशी कट्टा, 9 एमएम का एक पिस्टल एवं दो मैगजीन बरामद किया। हथियार की बरामदगी श्रीनगर थाना के कोइरीटोला निवासी सुरेंद्र साह के घर से गुप्त सूचना पर की गई।
सुरेंद्र को गिरफ्तार कर लिया गया है। वहीं नेपाल से भारत के विभिन्न इलाकों में तस्करी के लिये लाये जा रहे करोड़ों के चरस के साथ गोपालपुर थाना के सहरसवा निवासी मीना देवी, प्रमीला देवी, रिंकू पटेल एवं चंदेश्वर पटेल को थाना क्षेत्र के शिवाघाट पुल के समीप से गिरफ्तार किया गया है। चारों चरस के साथ एक ट्रैक्टर से चनपटिया स्टेशन जा रहे थे। इस मामले में एक बिना नंबर का ट्रैक्टर भी जब्त किया गया है।