सीतामढ़ी. बैरगैनिया थानाक्षेत्र के बैरगैनिया वार्ड नम्बर 6 में हथियार से लैस करीब 1 दर्जन अपराधियों ने एक प्रोफेसर के घर लूट की वारदात को अंजाम दिया। घटना बीती रात करीब 1 बजे की है। घटना के वक्त पूरा परिवार घर में ही था। प्रोफेसर, ढाका से विधायक पवन जयसवाल के रिश्तेदार हैं।
मिली जानकारी के अनुसार प्रोफेसर मनोज कुमार जयसवाल के घर बदमाशों ने हथियार की नोक पर लूट की वारदात को अंजाम दिया। उनके घर से अपराधी करीब 15 लाख रुपए की संपत्ति लूट कर ले गए। इसमें एक लाख 35 हजार रुपए नकदी, 4 किलो चांदी, 40 ग्राम सोना शामिल है।
अपराधियों ने घर में घुसते ही परिवार के सदस्यों के साथ मार-पीट की और उन्हें बंधक बना लिया। फिर अपराधियों ने हथियारों से डरा कर उनसे अलमारी की चाबी ले ली। अपराधी लाखों की लूट की वारदात को अंजाम देकर मौके से भाग गए। पुलिस फिलहाल छानबीन में जुटी हुई है।