मुजफ्फरपुर. अहियापुर थाना क्षेत्र के जीरो माइल के समीप हनुमान मंदिर के बगल में तीन वर्ष का अंश दस फीट बोरबेल में गिर पड़ा। भारी मशक्कत के बाद जेसीबी से गड्ढा खोदकर एक घंटे बाद अंश को सकुशल बाहर निकाल लिया गया। अंश को एसकेएमसीएच में भर्ती कराया गया है। जहां उसकी हालत खतरे से बाहर है। हालांकि वह काफी डरा हुआ है। शहबाजपुर निवासी किशोरी लाल साह का तीन वर्षीय पुत्र अंश सोमवार संध्या घर से बाहर निकलकर सड़क किनारे खेल रहा था।
बिजली विभाग द्वारा पोल गाड़ने के लिए 10 फीट गहराई में गड्ढा खोदकर छोड़ दिया गया था। खेलने के दौरान अंश उसी गढ़े में जाकर गिर पड़ा। उसका सिर नीचे था। राहगीरों ने शोर मचाया। अहियापुर पुलिस ने सड़क निर्माण करा रही कंपनी को फोन कर जेसीबी मंगवाई। जेसीबी से करीब आठ फीट गड्ढा खोदा गया और अंश को सकुशल बाहर निकाल लिया गया।