मुजफ्फरपुर। यूपी बिहार में आने वाली ट्रेनों में जहां रिजर्वेशन महिनों पहले से फुल है, वहीं यहां से जाने में भी काफी मशक्कत करना पड़ रहा है। जाने या फिर लौटने के लिए भी 500 तक वेटिंग चल रहा है। किसी एक की नहीं, बल्कि सभी ट्रेनों की लगभग यही स्थिति है। यात्रियों को तत्काल का इंतजार रहता है, लेकिन वहां भी वे धोखा खा रहे हैं। सुबह चार बजे से काउंटर पर खड़े होकर नंबर एक टोकन पानेवाले को भी वेटिंग टिकट मिल रहा है जबकि कन्फर्म टिकट भीतर-भीतर ही कट जा रहा है। ऐसा रेलवे के क्लर्कों की मिलीभगत से होता है।
टिकट लेने की परेशानी खासकर मुंबई, दिल्ली, अमृतसर, हैदराबाद, हावड़ा समेत दूर-दराज जाने वाले यात्रियों को सबसे ज्यादा हो रही है। कई यात्रियों ने सीनियर डीसीएम से इसकी शिकायत भी की है और कहा है कि टोकन के लिए सुबह 4 बजे से कतार में खड़े रहे। तत्काल का 10 बजे काउंटर खुलते ही कर्मी भीतर से बिना टोकन का लोगों को टिकट जारी करने लगे। स्थिति यह हुई कि एक नंबर कूपन के बावजूद मुंबई का 10 वेटिंग आ गया। यात्रियों का कहना है कि भीतर से ही टिकट देना है तो टोकन सिस्टम को बंद कर दिया जाना चाहिए।
हालांकि, रेलवे के एक उच्च अधिकारी ने कहा कि हम नजर रखे हुए हैं। ऐसा न हो इसके लिए रेल जीआरपी को निगरानी के लिए लगाया गया है।