मुजफ्फरपुर/बंदरा. बंदरा के जरंगी गांव में गुरुवार की रात जबरन शादी की नीयत से युवती का अपहरण करने पहुंचे कुख्यात अपराधी अमरेश ठाकुर ने उसके चाचा की हत्या कर दी। घटना के बाद देर रात नुनफारा मंदिर पर छापेमारी करने पहुंची पुलिस पर भी अपराधियों ने फायरिंग की।
पुलिस ने अपराधी के ठिकाने मंदिर परिसर स्थित स्कूल से कार्बाइन, दो पिस्तौल, कार्बाइन की मैग्जीन, पल्सर बाइक, दो जूता और शादी के लिए लाई गई साड़ी व सिंदूर बरामद किया है। अपराधी के भाई व उसकी पत्नी को गिरफ्तार कर लिया गया है। शुक्रवार की सुबह युवती के चाचा विजय चौधरी (हॉकर) का शव बरामद होने के बाद पियर थाना क्षेत्र में आक्रोश भड़क गया।
पोस्टमार्टम के लिए शव जीप पर रखने के दौरान ग्रामीणों ने पुलिस से शव छीन कर सड़क जाम कर दिया। काफी मशक्कत के बाद शव को पुलिस कब्जे में ले सकी। पियर थाना क्षेत्र के जरंगी गांव में एक घर पर गुरुवार रात करीब 10 बजे अपराधियों ने हमला बोला था। आशंका जताई जा रही है कि भतीजी को बचाने के दौरान चाचा को अपराधियों ने अगवा करने का प्रयास किया। अपराधियों के चंगुल से भागने के दौरान चाचा को गोली मारी गई। घर के पीछे केला के बागान में खून से लथपथ हालत में विजय गिर गया। इसकी भनक रात में किसी को नहीं लगी।
शुक्रवार की सुबह 6.30 बजे उसका शव केला के बागान में मिला। अपराधियों के हमले में जख्मी युवती, उसकी मां नगीना देवी, चाची तुलसी देवी व पिता रामबाबू चौधरी को गंभीर स्थिति में सदर अस्पताल में भर्ती कराया गया है। युवती के घर से पुलिस ने 9 एमएम का पांच व 315 बोर का एक खोखा बरामद किया है।
पुलिस टीम पर फायरिंग करते हुए अपराधी फरार
हरकत में आई पुलिस ने गुरुवार की आधी रात बाद कुख्यात अमरेश ठाकुर के कई ठिकानों पर छापेमारी की। नुनफारा मंदिर में शरण लिए अमरेश ठाकुर छापेमारी के दौरान पुलिस पर फायरिंग करते हुए भाग निकला। शुक्रवार की सुबह साढ़े 11 बजे डीएसपी ने आक्रोशित भीड़ को समझा-बुझाकर शव को कब्जे में लिया। पोस्टमार्टम के बाद शाम में शव का दाह-संस्कार किया गया। दोपहर में एसएसपी ने भी घटनास्थल का जायजा लिया। विजय के घर पर पुलिस की तैनाती की गई है।