पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

रोटी के लिए आया था, सब-कुछ गंवाया, अब नहीं रहना पंजाब में

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुजफ्फरपुर. लुधियाना के ढंडारी इलाके की दुर्गा कॉलोनी में बदमाशों द्वारा जिंदा जलाई गई मोतिहारी की किशोरी के परिजन अपने घर लौटना चाहते हैं। सरकार से न्याय की गुहार लगाते हुए बिहार लौटने की व्यवस्था करने की मांग की है। पीड़िता के पिता बुधवार को लुधियाना के पुलिस कमिश्नर प्रमोद बान व एडीसीपी सतवीर सिंह अटवाल से मिले और सुरक्षा की गुहार लगाई और कहा कि उन्हें अब लुधियाना में नहीं रहना। 15 वर्षों से लुधियाना में रह रहे पिता ने ‘दैनिक भास्कर’ को फोन पर बताया कि बेटी तो गंवा ही दी। अब वहां नहीं रहना। मोतिहारी लौट जाएंगे। परिजन खौफजदा हैं।

इधर पीड़ित परिवार के पैतृक गांव सुगौली (मोतिहारी, बिहार) में घटना की खबर के बाद मातमी सन्नाटा पसरा हुआ है। राज्य अल्पसंख्यक आयोग ने घटना को गंभीरता से लिया है। आयोग पीड़ित परिवार को बिहार लाकर नौकरी व उचित मुआवजा देने के लिए राज्य सरकार से अनुशंसा करेगा। वहीं आयोग की एक टीम लुधियाना जाएगी। आयोग के सदस्य मो. शमशाद आलम ने कहा कि वे पंजाब के मुख्यमंत्री से बात कर खौफजदा पीड़ित परिवार को सुरक्षा देने की भी मांग करेंगे। उधर घटना के विरोध में कांग्रेस के अलावे कई संगठनों ने लुधियाना के समराला चौक पर रोषपूर्ण प्रदर्शन कर आरोपियों को फांसी देने और पुलिस पर हत्या का मुकदमा चलाने की मांग की।
तारीखों के आईने में घटनाक्रम
{25 अक्टूबर को सुबह नौ बजे बारहवीं की छात्रा का अपहरण
{60 घंटे तक कब्जे में रखने के बाद लड़की को उसके घर के पास फेंका।
{25 अक्टूबर को अनवर, शाहजाद, नियाज, विक्की, बब्लू और अमरजीत पर केस।
{31 अक्टूबर को आरोपियों ने फिर लड़की से मारपीट की और केस वापस लेने को कहा। तीन गिरफ्तार।
{17 नवंबर को तीनों आरोपी जमानत पर छूटे।
{04 दिसंबर को आरोपियों ने घर में घुसकर मिट्टी तेल छिड़ककर जिंदा जलाया।
{05 दिसंबर को 70% झुलसी लड़की को सिविल अस्पताल लुधियाना से राजवंश अस्पताल पटियाला रेफर किया।
{06 दिसंबर को गंभीर स्थिति में लड़की को चंडीगढ़ मेडिकल कॉलेज रेफर किया।
{08 दिसंबर को देर रात दो बजे लड़की की मौत।