पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

शिया वक्फ बोर्ड चेयरमैन के विरोध पर बवाल, चली हॉकी स्टिक

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
मुजफ्फरपुर. संपत्ति विवाद की जांच करने मंगलवार को शहर पहुंचे बिहार राज्य शिया वक्फ बोर्ड के चेयरमैन इरशाद अली आजाद को भारी विरोध का सामना करना पड़ा। राज्यसभा सांसद अनिल सहनी व डीएसपी की मौजूदगी में चेयरमैन के समर्थक व विरोधियों में भिड़ंत हो गई। पुलिस के साथ भी जमकर धक्का-मुक्की की गई। हॉकी स्टिक भांजी गई।

माहौल बिगड़ता देख पीछे हटे सांसद
प्रदर्शनकारियों के बीच से अध्यक्ष को निकालने के लिए हॉकी स्टिक से हमला बोल दिया गया। माहौल बिगड़ते देख सांसद पीछे हट गए। भारी विरोध-प्रदर्शन व गाली-गलौज के बीच किसी तरह से चेयरमैन को मेहंदी हसन चौक से निकाला गया। घटना से ब्रह्मपुरा इलाके में तनाव बना हुआ है। दोनों पक्ष एक-दूसरे पर आरोप लगा रहे हैं। कुछ समय के लिए मेहंदी हसन रोड को भी लोगों ने जाम कर दिया। दरअसल, मीर हसन वक्फ स्टेट ब्रह्मपुरा समेत तीन वक्फ बोर्ड की संपत्ति की जांच को लेकर चेयरमैन मुजफ्फरपुर पहुंचे थे।
चेयरमैन ने बातचीत से किया इनकार
ब्रह्मपुरा इमामबाड़ा में मौलाना काजिम शबीब के नेतृत्व में बड़ी संख्या में लोग चेयरमैन से वक्फ बोर्ड की संपत्ति को बचाने के लिए अपनी बात रखने को एकजुट हो गए। आक्रोश की जानकारी मिलते ही चेयरमैन सीधे स्थानीय वार्ड पार्षद इरशाद आलम गुड्डू के आवास पर पहुंचे। पार्षद के ही आवास पर सांसद अनिल सहनी व अन्य लोग मिले। दूसरी ओर, इमामबाड़ा में मौजूद मौलाना काजिम शबीब ने 5 प्रतिनिधियों को चेयरमैन से बातचीत करने के लिए भेजा। चेयरमैन ने बातचीत करने से इनकार कर दिया। प्रतिनिधिमंडल के बैरंग लौटने पर माहौल बिगड़ गया। मौलाना के नेतृत्व में लोगों ने चेयरमैन को पार्षद के आवास से निकलने पर घेराव का एेलान कर दिया।
और भिड़ गए दोनों पक्ष
चेयरमैन के घेराव की तैयारी की सूचना पर टाउन डीएसपी भारी संख्या में पुलिस बल व शहर के थानाध्यक्षों के साथ इमामबाड़ा के निकट पहुंचे। घंटे भर बाद चेयरमैन सांसद अनिल सहनी के साथ पैदल इमामबाड़ा की ओर बढ़ने लगे। चेयरमैन के ठीक आगे-आगे हॉकी स्टिक से लैस दर्जन भर से ज्यादा लोग चल रहे थे। मौलाना के नेतृत्व में जैसे ही लोग सड़क पर चेयरमैन का घेराव करने पहुंचे दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई। हॉकी स्टिक चलने लगी। हॉकी स्टिक देख मौलाना काजिम शबीब के पक्ष के लोगों ने लाठी-डंडा निकाल लिया। दोनों पक्षों में भिड़ंत हो गई।
चेयरमैन को सुरक्षा के बीच पहुंचाया सर्किट हाउस
बीच-बचाव के बीच पुलिस से भी जमकर धक्का-मुक्की हुई। एक युवक को चोट भी लगी। बहुत मुश्किल से डीएसपी ने चेयरमैन को गाड़ी में बैठा कर सुरक्षा-व्यवस्था में सर्किट हाउस पहुंचाया। तनाव को देखते हुए मौके पर पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। चेयरमैन के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान बवाल की सूचना सीएम हाउस तक पहुंच गई। सीएम के बैठक में होने की जानकारी मिलने के बाद शाम में फिर सीएम हाउस के अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया।
सीएम हाउस तक पहुंचा मामला
चेयरमैन के मुजफ्फरपुर दौरे के दौरान बवाल की सूचना सीएम हाउस तक पहुंच गई। सीएम के बैठक में होने की जानकारी मिलने के बाद शाम में फिर सीएम हाउस के अधिकारियों को पूरे घटनाक्रम से अवगत कराया गया।
खबरें और भी हैं...