पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

2308 अभ्यर्थियों को ऑनस्पॉट नौकरी, श्रम विभाग ने लगाया नियोजन मेला

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. श्रम विभाग की नियोजन शाखा ने शुक्रवार को मिलर हाईस्कूल में जिला स्तरीय नियोजन सह मार्गदर्शन मेला लगाया। इसका उद‌्‌घाटन श्रम संसाधन मंत्री दुलाल चंद्र गोस्वामी ने किया। इसमें देश-विदेश की करीब 35 निजी कंपनियों ने भाग लिया। नियोजन अधिकारी प्रियंका कुमारी ने बताया कि राज्य के कई जिलों में नियोजन लगाया जा रहा है। इसका मुख्य उद्देश्य बेरोजगार लोगों को रोजगार देने के साथ उनमें कौशल विकास पर ध्यान देना है।
कौशल विकास प्रशिक्षण के लिए अब तक 280 अभ्यार्थियों ने आवेदन दिया है। उन्होंने बताया कि मेले में 2308 लोगों को विभिन्न कंपनियों ने मौके पर नियोजन पत्र दिया। शेष 8804 लोगों को कंपनी सुविधानुसार साक्षात्कार के लिए बुलाएगी, जिसमें उनके प्रमाण पत्रों की जांच के बाद भी अभ्यार्थियों का नियोजन किया जाएगा।

नियोजन पदाधिकारी सरिता सिन्हा ने बताया कि 35 कंपनियों में एमवे, एलएनटी, रिलायंस, हीरो मोटोकॉर्प, मारुति आदि प्रतिष्ठित कंपनियां भी थीं। विभाग नियोजन के बाद अभ्यार्थियों से फीडबैक लेगा, ताकि किसी के साथ धोखाधड़ी न हो। सबसे अधिक आईटीआई, कंप्यूटर नॉलेज, एमबीए, सुरक्षा गार्ड और बीमा क्षेत्र में नियोजन हुआ। वर्ष 2014-15 में अभी तक राज्य में 9045 लोगों का नियोजन कराया गया है।
25 नवंबर को विवि स्तर का लगेगा नियोजन मेला
नियोजन शाखा साल में तीन बार तीन स्तरीय नियोजन मेला लगाता है, जिनमें जिला स्तरीय नियोजन मेला, प्रखंड स्तरीय नियोजन कैंप और विश्वविद्यालय स्तरीय नियोजन मेला शामिल हैं। पटना में जिला स्तरीय नियोजन मेले के बाद 25 नवंबर पटना विवि कैंपस में विश्वविद्यालय स्तरीय नियोजन मेला लगाया जाएगा, जिसमें उच्च योग्यताधारी अभ्यर्थी भाग ले सकेंगे। फिर प्रखंड स्तर का नियोजन कैंप लगाया जाएगा। वहीं, पटना प्रमंडल में प्रमंडल स्तर का नियोजन मेला 22 जनवरी, 2015 को लगाया जाएगा।
इंजीनियरिंग डिग्रीधारी बोले-गलत सूचना दी गई
इलेक्ट्रिकल से बी. टेक रोहित कुमार पश्चिम चंपारण से नियोजन मेला में पहुंचे हैं, लेकिन मेला में इंजीनियरिंग योग्यता वाले छात्रों के लिए रोजगार की संभावना नहीं दिखी। इलेक्ट्रॉनिक्स व कंप्यूटर इंजीनियर कई युवक भी मेला में रोजगार की तलाश में भटकते दिखे। इंजीनियरिंग की पढ़ाई करने वाले आकाश कुमार, विवेक कुमार व राजू कुमार सहित कई युवक भी निराश दिखे। इन लोगों ने कहा कि उन्हें गलत सूचना दी गई कि यहां नियोजन मेला में इंजीनियरिंग की नौकरी मिलेगी।
(मिलर हाईस्कूल में लगाए गए नियोजन मेले में बड़ी की संख्या में अभ्यर्थी पहुंचे। भीड़ इतनी थी कि एक-एक काउंटर पर अभ्यर्थियों को नंबर लगाना पड़ रहा था।)