पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • 5 Hours To 2 Million People Crave Power And Water

2 लाख लोग 5 घंटे तक बिजली-पानी को तरसे, नहीं चले मोटर

7 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. साउथ बिहार पावर डिस्ट्रीब्यूशन कंपनी के एमडी पलका साहनी के सख्त आदेश के बावजूद नवरात्र के तीसरे राजधानी के करीब दो लाख लोगों को बिजली-पानी नसीब नहीं हुआ। शनिवार सुबह 5.30 बजे 10.30 बजे तक कंकड़बाग पावर सब स्टेशन, अशोकनगर पावर सब स्टेशन, बोर्ड कॉलोनी पावर सब स्टेशन एवं बेउर पावर सब स्टेशन बंद रहा। इस वजह से कंकड़बाग, मीठापुर, संजय नगर, पीसी कॉलोनी, चिरैयाटाड़ पुल, पीसी कॉलोनी, अशोक नगर, भोजपुर कॉलोनी, रामलखन पथ, अशोकनगर, चांगर, विग्रहपुर, नवरत्नपुर, एमआईजी, एलाईजी, डिफेंस कॉलोनी, बस स्टैंड, संदलपुर, बहादुरपुर, पटेलनगर, शिवपुरी, पुनाईचक, बोर्ड कॉलोनी, राजवंशी नगर, भीखा चक, एसके विहार नगर, ब्रह्मपुर, बेउर, मखदुमपुर, उड़न टोला, रघुनाथ टोल, शिवपुरी सहित 50 मोहल्लों के लोगों पानी की किल्लत झेलनी पड़ी।
हेल्पालाइन पर भी कोई हेल्प नहीं
शनिवार सुबह लोग सोकर जगे तो बिजली गुल थी। परेशान उपभोक्ताओं ने बिजली कंपनी के हेल्पलाइन नंबर 18003456198 पर फोन किया। पर जवाब नहीं मिला सका कि बिजली कब तक आएगी। इससे लोगों को काफी दिक्कत हुई।
बगैर पूजा किए जाना पड़ा ऑफिस
मीठापुर के संजय कुमार सिंह ने कहा कि पानी नहीं रहने के कारण बैगर पूजा किए ऑफिस जाना पड़ रहा है। कंकड़बाग की आरती कुमारी ने कहा कि बिजली नहीं रहने के कारण सुबह में बच्चों का नाश्ता नहीं बन सका। पूजा भी नहीं हो सकी। पूछे जाने पर पेसू के अधिकारियों के कहा कि कंकड़बाग पावर सब स्टेशन एवं अशोकनगर पावर सब स्टेशन को करबिगहिया ग्रिड से नया कनेक्शन देने के कारण बिजली गुल हुई।
सिटी में भी 4 घंटे कट
सिटी के कई इलाकों में शनिवार को चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बाधित रही। मीनाबाजार, मंगल तालाब, मालसलामी, गायघाट व एनएमसीएच पावर सब स्टेशन से जुड़े सभी फीडर 11 बजे से लेकर तीन बजे तक बंद रहे। बिजली नहीं रहने से लोगों पानी की समस्या भी हुई। तीन बजे के बाद सप्लाई शुरू हुई तो लो वोल्टेज व बिजली की आंखमिचौनी शुरू हो गई।
पानी का संकट
बिजली कट होने से बोरिंग ठप रहे और लोगों को पेयजल संकट का सामना करना पड़ा। सुबह पानी स्टोर करने वाले लोगों की चेहरे पर राहत दिखी,जबकि दूसरे लोग पानी के लिए परेशान रहे।
मेंटेनेस हुआ
कार्यपालक अभियंता मृत्युंजय कुमार ने बताया कि दशहरा को लेकर ग्रिड में रख रखाव कार्य चल रहा है। इसी को कट लगा था। सड़क किनारे झूलते तारों को दुरुस्त किया गया।
दोबारा भेज दिया बिजली बिल
डेढ़ माह से बेउर पावर सब स्टेशन, आनंदबाजार पावर स्टेशन सहित तीन बिजली बिल संग्रहण केन्द्रों में ऑफलाइन बिल जमा हो रहा है। इस कारण पेसू ने हजारों उपभोक्ताओं को दोबारा बिल भेज दिया है। पेसू जीएम राजीव अमित ने कहा कि अगला बिल सुधार कर भेजने को कहा गया है।