श्री गुरु गोविंद सिंह कॉलेज में छात्रों ने की तोड़फोड़
श्रीगुरु गोविंद सिंह कॉलेज में मंगलवार को छात्रों ने कार्यालय कक्ष में घुस कर तोड़फोड़ की। कंप्यूटर और कुर्सी-टेबुल को तोड़ डाला। कॉलेज कैंपस में करीब दो घंटे तक हंगामे की स्थिति रही। चौक थाना पुलिस ने पहुंच कर आक्रोशित विद्यार्थियों को समझा-बुझा कर शांत कराया।
वेतन भुगतान की मांग को लेकर कॉलेज के शिक्षकेतर कर्मचारी सोमवार से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर चले गए हैं। इससे बीए पार्ट टू का फॉर्म नहीं भरा जा रहा है। मंगलवार की सुबह करीब 10 बजे बड़ी संख्या में छात्र-छात्राएं फॉर्म भरने के लिए इधर-उधर भटक रहे थे। आखिरकार करीब डेढ़ बजे उनका गुस्सा फूट पड़ा। आक्रोशित छात्रों ने नारेबाजी हंगामा करना शुरू कर दिया। कुछ शिक्षक समझाने का प्रयास कर रहे थे, लेकिन छात्र मानने को तैयार नहीं थे। आक्रोशित छात्रों ने कार्यालय कक्ष में घुस कर कंप्यूटर, गेट, कुर्सी-टेबुल अन्य सामान को क्षतिग्रस्त कर दिया। स्थिति की गंभीरता को देख कॉलेज प्रशासन ने चौक थाना पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने आक्रोशित छात्रों को समझा-बुझा कर शांत कराया। छात्रों का कहना है कि 11 फरवरी तक कॉलेज में फॉर्म भरना है। कॉलेज प्रशासन इस मामले में गंभीर नहीं है।
छात्रों ने इस समस्या को प्रभारी प्राचार्य डाॅ. ब्रजेशपति त्रिपाठी के समक्ष रखी। उन्होंने फॉर्म भरने के लिए व्यवस्था करने की बात कही। इसके बाद छात्रों को गुस्सा नरम हुआ। इधर, प्रभारी प्राचार्य ने बताया कि 10 शिक्षकों की मदद से करीब 200 छात्रों का फॉर्म भरा गया है।
प्राचार्य के साथ बैठक में नहीं बनी सहमति, हड़ताल जारी
इधरवेतन भुगतान के मुद्दे के समाधान को लेकर शिक्षकेतर कर्मचारियों के संघ के पदाधिकारियों की बैठक प्राचार्य के साथ हुई। सचिव जवाहर लाल ने बताया कि बैठक में तत्काल कोई सार्थक निर्णय नहीं लिया जा सका है। इस स्थिति में हड़ताल को जारी रखने का निर्णय लिया गया है। कर्मचारियों ने कॉलेज प्रशासन के समक्ष नियमित वेतन भुगतान, लेखापाल अजय कुमारी की बीमार पुत्री के उपचार के लिए बकाया तीन माह का वेतन तत्काल भुगतान किए जाने की मांग रखी है।
कर्मचारियों की हड़ताल पर चले जाने के कारण मंगलवार को परीक्षा फॉर्म जमा नहीं हो पाया। कॉलेज में छात्र-छात्राएं परेशानी रहीं।