पानी के लिए फिर प्रदर्शन, जाम
पेयजलसंकट झेल रहे लोगों ने गुरुवार को बिस्कोमान गोलंबर के पास दो घंटों तक सड़क को जाम रखा। इस कारण महात्मा गांधी सेतु की ओर जाने वाले वाहनों का परिचालन ठप हो गया।
सुबह सात बजे बिस्कोमान कॉलोनी समेत अन्य इलाके के लोगों ने बिस्कोमान गोलंबर के पास प्रदर्शन शुरू किया। स्थानीय दिनेश प्रसाद ने बताया कि पिछले दो दिन से दस हजार से अधिक की आबादी पेयजल संकट झेल रही है। पंप को सुचारू रूप नहीं चलाया जा रहा है। जिस कारण यह समस्या बनी है। प्रशासन पंपों को संचालित करने के लिए वैकल्पिक व्यवस्था करे। रेवती देवी ने कहा कि पानी नहीं मिलने से घर में खाना बनाना कठिन हो गया है। बूंद-बूंद पानी के लिए भटकना पड़ रहा है। हंगामा-प्रदर्शन में करीब 200 लोग शामिल थे। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि जब तक पानी की सप्लाई शुरू नहीं होता है जाम जारी रहेगा।
जाम की सूचना के बाद मौके पर आलमगंज पुलिस पहुंची। पुलिस ने लोगों को समझाकर सड़क जाम हटवाया। स्थानीय लोगों की मदद से कई जगह पंपों का संचालन हो रहा है। इधर, जल पर्षद के कनीय अभियंता विनोद तिवारी का कहना है कि हड़ताल से पंप का संचालन प्रभावित है, इससे इनकार नहीं किया जा सकता है। गुरुवार को स्वयं कई स्थानों पर जाकर बंद बोरिंग पंप को चालू किया है। वैकल्पिक व्यवस्था क्या हो सकती है, इस पर विचार किया जा रहा है।