छात्र राकांपा ने फूंका कुलपति का पुतला
पटनाविश्वविद्यालय के बीएड कोर्स के नए पैटर्न में पीयू के विद्यार्थियों को होम यूनिवर्सिटी के तहत मिलनेवाला विशेष आरक्षण खत्म करने के खिलाफ छात्र राकांपा ने गुरुवार को कुलपति डॉ. वाईसी सिम्हाद्रि का पुतला फूंका।
इस दौरान प्रदेश अध्यक्ष मो. तनवीर अहमद ने कहा कि पटना विवि के छात्र-छात्राओं को मिलनेवाला 80 प्रतिशत विशेष आरक्षण समाप्त करना गलत है। विवि अध्यक्ष अमित सरावगी ने कहा कि यह फैसला कुलपति की मनमानी है। तत्काल राजभवन को पूरे मामले में हस्तक्षेप कर पटना विवि के छात्रों को आरक्षण देना होगा। जबतक राजभवन इस मामले में निर्णय नहीं लेता, पीयू प्रशासन को नामांकन में रोक लगा देनी चाहिए। अगर नामांकन पर रोक नहीं लगी तो छात्र राकांपा आंदोलन करेगा। इस दौरान प्रदेश महासचिव प्रशांत कुमार यादव, जमाल, गुलफाम, नवाब, सद्दाम, राणा आदि मौजूद रहे।