इंक्यूबेशन सेंटर पर होगा फोकस
नेशनलइंस्टीट्यूट ऑफ टेक्नोलॉजी (एनआईटी) पटना में इलेक्ट्रिकल बिल्डिंग बनकर तैयार है। संस्थान के कई जरूरी विभाग इस बिल्डिंग में धीरे-धीरे शिफ्ट होने लगे हैं।
कुछ दिन पहले उद्घाटन होने के बाद यह माना जा रहा है कि नए सत्र से बिल्डिंग में जानेवाले सभी विभाग वहीं से संचालित होंगे। एनआईटी पटना का फोकस अब इंक्यूबेशन सेंटर और इनोवेशन लैब पर है। इलेक्ट्रिकल बिल्डिंग से सटे ही इनका भी निर्माण होना है। इसकी तैयारी भी चल रही है। नए सत्र में यह सौगात भी छात्रों को मिलने की उम्मीद है।
आधुनिकलैब बनेगी
एनआईटीनिदेशक प्रो. अशोक डे ने बताया कि अब इंक्यूबेशन सेंटर और सेंटर फॉर इनोवेशन की शुरुआत कर रहे हैं। इंडस्ट्रियल इंट्रैक्शन सेल के तहत इसके लिए अलग से बिल्डिंग तैयार की जाएगी। इस नई बिल्डिंग में आधुनिक लैब भी बनेगी। इस हाईटेक लैब में हर तरह की सुविधा उपलब्ध होगी। इसके तहत नए-नए इनोवेशन होंगे। इसके लिए इंडस्ट्री को भी संस्थानों के साथ जोड़ा जाएगा। इंक्यूबेशन सेंटर के तहत हर वर्ष पांच स्टार्टअप को मदद करने की योजना पर भी नए सत्र से काम शुरू हो जाएगा।
स्टार्टअप को उभारना मकसद
प्रो.डे ने कहा कि अभी हमारा कैंपस छोटा है लेकिन जितनी भी जगह है, हम उसका बखूबी सदुपयोग करना चाहते हैं। आधुनिक तकनीक के जरिए आज के बाजार के अनुरूप इंजीनियर पैदा करना और युवाओं के आइडिया को स्टार्टअप के रूप में उभारना हमारा मकसद है। इस तरफ हम आगे बढ़ रहे हैं।