परीक्षा नजदीक आई तो इंटर काउंसिल कर्मचारियों ने फिर शुरू की हड़ताल
बिहारबोर्ड की इंटर परीक्षा के ठीक पहले इस वर्ष भी कर्मचारियों के सब्र का बांध टूटा है। मुद्दे भी पुराने हैं और इन पर कर्मचारियों का रिएक्शन भी पुराना ही है। तदर्थ कर्मचारियों के सेवा समायोजन के मुद्दे पर पिछले वर्ष परीक्षा से पहले भी कर्मचारी हड़ताल पर गए थे और आगामी परीक्षा से पहले भी हड़ताल की शुरुआत मंगलवार से हो गई। तदर्थ कर्मचारियों की हड़ताल के कारण इंटर काउंसिल कार्यालय में अफरातफरी सा माहौल रहा। नियमित कामकाज पर भी असर पड़ा, जिसके कारण छात्रों का नुकसान हुआ। आर्मी और नेवी के अभ्यर्थियों की जरूरत थी सर्टिफिकेट की, जो कर्मचारियों की हड़ताल के कारण जारी नहीं हुए। नतीजा, गुस्से में छात्रों ने हंगामा शुरू कर दिया। बुद्ध मार्ग घंटे भर जाम रहा। इतनी ही देर इंटर काउंसिल का मुख्य द्वार भी पैक रहा।
बोर्ड प्रशासन जुटा वैकल्पिक व्यवस्था में
15 फरवरी से ही मिलेंगे एडमिट कार्ड
कर्मियोंकी हड़ताल के कारण पहला डर एडमिट कार्ड वितरण में देरी की आशंका को लेकर है, लेकिन बोर्ड प्रशासन ने साफ कर दिया कि डीईओ को एडमिट कार्ड पहले 13 फरवरी को भेजे जाने थे। नए हालात में 11 को ही भेज दिए जाएंगे। जिससे विद्यार्थी 15 फरवरी से अपने स्कूलों से अपना एडमिट कार्ड प्राप्त कर सकें।
एक ओर तदर्थ कर्मचारी संघ के अध्यक्ष श्रीप्रसाद यादव ने साफ कर दिया है कि जब तक कर्मियों के सेवा का समायोजन नहीं होता है, अनिश्चितकालीन हड़ताल जारी रहेगी। दूसरी ओर बोर्ड प्रशासन परीक्षा के लिए वैकल्पिक व्यवस्था लागू करने की योजना बना रहा है। बोर्ड चेयरमैन डॉ. लालकेश्वर प्रसाद ने बताया कि कर्मियों की जो मांग है, उस पर कार्रवाई के लिए राज्य सरकार को जानकारी दे दी गई है। जहां तक बात है इंटर परीक्षा की, तो परीक्षा समय पर होगी और इसके लिए हमने बैकअप प्लान बना लिया है।