पटना विवि में छात्रों पर लाठीचार्ज
पटनाविश्वविद्यालय में गुरुवार को एक बार फिर छात्रों को पुलिस की लाठी खानी पड़ी। पटना वीमेंस कॉलेज की छात्राओं को परीक्षा फॉर्म भरवाने के मुद्दे पर छात्र कुलपति से मिलने का प्रयास कर रहे थे। वे उनके आवास पहुंचे तो पुलिस ने उन्हें रोकने के लिए लाठीचार्ज कर दिया। इस कार्रवाई में दो छात्र आकाश गौरव और आशुतोष को चोट लगी।
पीडब्ल्यूसी की छात्राओं के मामले को लेकर चार दिनों से ऑल इंडिया स्टूडेंट्स फेडरेशन ने भूख हड़ताल कर रखी है। सात छात्र पीयू मुख्यालय में अनशन पर हैं, जबकि उनके कई अन्य साथी धरना दे रहे हैं। लेकिन कुलपति डॉ. वाईसी सिम्हाद्रि ने उनसे मुलाकात नहीं की। तब छात्रों ने खुद उनसे मिलने का प्रयास किया। पीयू मुख्यालय में गुरुवार को कोई काम नहीं हुआ। एआईएसएफ ने ऑफिस टाइम होते ही प्रदर्शन शुरू किया और मुख्यालय समेत दूसरे संस्थान बंद करा दिए। कार्यकर्ताओं की मांग थी कि कुलपति छात्रों से मिलें और उनकी मांगों पर उचित कार्रवाई करें। बाद में छात्र कुलपति आवास पहुंच गए जहां पुलिस ने लाठी के बल पर रोक दिया।
छात्रों के साथ पुलिस की झड़प।
पटना वीमेंस कॉलेज में कई छात्राओं को परीक्षा फॉर्म नहीं भरने दिया गया। कॉलेज प्रशासन ने कहा कि उपस्थिति कम थी लेकिन छात्राओं का आरोप है कि कॉलेज प्रशासन ने मनमानी की है। अब इन दोनों के बीच पीयू प्रशासन को मध्यस्थता कराने की मांग शुरू हुई लेकिन अब तक पीयू प्रशासन ने कोई एक्शन नहीं लिया। गुरुवार को भी हंगामा के बीच कुलसचिव डॉ. संजय कुमार सिन्हा ने छात्रों को आश्वासन दिया कि वे कुलपति से इस मसले पर बात करेंगे। लेकिन कुलपति और कुलसचिव के बीच क्या बात हुई, इसकी जानकारी छात्रों को नहीं मिली। एआईएसएफ ने पुलिसिया कार्रवाई के खिलाफ 12 फरवरी को राजभवन मार्च का निर्णय लिया है।