मां सरस्वती की पूजा कर छात्र छात्राओं ने खूब उड़ाए गुलाल
वरदे वीणा वादिनी वर दे...। वसंत पंचमी और सरस्वती पूजा शनिवार को राजधानी और आसपास के इलाके में धूमधाम से मनी। राजधानी के हर मोहल्ले, स्कूल, कॉलेज, कोचिंग संस्थान श्रद्धा से सराबोर रहे। सुबह में शुभ योग में पूजा-अर्चना के बाद विद्या की देवी माता सरस्वती की आराधना हुई। इसके बाद प्रसाद वितरण और फिर अबीर-गुलाल के संग छात्र-युवाओं की मस्ती। वहीं, वसंत पंचमी और श्री पंचमी पर पूजा-अर्चना के लिए मंदिरों में भीड़ उमड़ी। राजधानी और आसपास के इलाके में कई जगहों पर घरों में हनुमान जी की पूजा-अर्चना हुई और महावीरी ध्वज भी बदले गए। सरस्वती पूजा के मौके पर कई पूजा पंडालों और स्कूलों में छोटे बच्चों ने शिक्षा ग्रहण की शुरुआत की।
पुनाईचक शर्मा लॉज के पास फाइव स्टार क्लब में धूमधाम से मां की आराधना की गई। आयोजन में नितिन, छाेटू, प्रवीण, शिवम आदि सक्रिय रहे। आशियाना नगर के मजिस्ट्रेट कॉलोनी में दण्डी स्वामी शुभेश्वरानन्द सरस्वती जी महाराज की देखरेख में सरस्वती उत्सव का आयोजन हुआ। इस दौरान रूद्राभिषेक, प्रवचन और भंडारा का भी आयोजन हुआ। मौके पर आचार्य दिनेश तिवारी, चन्द्रशेखर शर्मा, रामरेखा प्रसाद शर्मा, अर्जुन सिंह, विरेन्द्र प्रसाद सिंह, शशिकांत तिवारी, आदि उपस्थित थे। बख्तियारपुर स्थित परमहंस आश्रम में स्वामी श्रद्धा बाबा ने देश के युवाओं से व्यसनों से दूर रहने की अपील की। मगध महिला कॉलेज के अवंतिका छात्रावास में भव्य पंडाल में देवी की प्रतिमा स्थापित की गई। शाम में डीजे नाइट भी आयोजित हुआ। छात्रावास की छात्राओं के लिए इस बार यह इंतजाम किया गया।
अरविंद महिला कॉलेज की प्राचार्या डॉ. उषा सिंह ने शिक्षिकाओं और छात्राओं के साथ पूजा-अर्चना की। छात्रसंघ की सदस्यों ने पूजा और प्रसाद के लिए विशेष प्रबंध किया। गंगा देवी महिला कॉलेज में छात्राओं के साथ-साथ टीचर्स ने भी पूजा-अर्चना की। छात्राओं ने डांस और सिंगिंग की भी प्रस्तुति दी। मौके पर प्राचार्य डॉ. कंचन चखैयार, डॉ. मणिबाला, डॉ. रिमझिम शील आदि मौजूद रहीं।
जेडी वीमेंस कॉलेज में प्राचार्य डॉ. सुभाष प्रसाद सिन्हा और अन्य टीचर्स ने पूजा-अर्चना की। छात्राओं ने मां सरस्वती की वंदना की। इस दौरान डाॅ. रेणु चौधरी, गणौरी सिंह आदि मौजूद रहे।
छात्रावासों में भी पूजा, छात्रों ने जमकर उड़ाया गुलाल
पटनाविश्वविद्यालय के छात्रावासों में सरस्वती पूजा धूमधाम से मनाई गई। पटना कॉलेज के जैक्सन हॉस्टल और विवि के साउथ कैंपस स्थित सैदपुर छात्रावास में सरस्वती पूजा का भव्य नजारा देखने को मिला। सैदपुर छात्रावास में आयोजक चुन्नू सिंह ने बताया कि पूजा में सांसद पप्पू यादव, सांसद अरुण कुमार, विधायक अरूण सिन्हा, एमएलसी नीरज कुमार पहुंचे। विवि छात्र संघ उपाध्यक्ष अंशुमान सिंह ने बताया कि रात्रि में कई सांस्कृतिक कार्यक्रम हुआ। बीएन कॉलेज मेन हॉस्टल में सांसद चिराग पासवान पहुंचे। पटना कॉलेज के जैक्सन, मिंटो और नूतन छात्रावास में सांसद पप्पू यादव और एमएलसी डॉ. रणवीर नंदन पहुंचे। जन अधिकार छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम आनंद ने बताया कि रविवार को पूर्ववर्ती छात्रों का जमावड़ा लगेगा। परिषद के महासचिव आजाद चांद ने बताया कि भंडारा का भी आयोजन किया गया है। इस दिन न्यूटन छात्रावास और फैराडे छात्रावास में छात्रों ने विज्ञान प्रदर्शनी भी लगाई थी। साइंस कॉलेज स्थित न्यूटन छात्रावास में सुमन ने रामानुजम द्वारा पाई के दिए फॉर्मूले को दिखाया। फैराडे और सीबी रमन छात्रावासों में जमकर सरस्वती पूजा की धूम मची। छात्र नेता लव कुमार और भरत कुमार ने बताया कि हर वर्ष की तरह इस बार भी कॉलेज के छात्रों ने नाटक और सांस्कृतिक कार्यक्रम की प्रस्तुति दी।
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने आईएएस कॉलोनी में मुख्य सूचना आयुक्त एके सिन्हा के घर पर आयोजित सरस्वती पूजा समारोह में हिस्सा लेकर मां सरस्वती की पूजा अर्चना की। मुख्यमंत्री ने प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं देकर राज्य की सुख, शांति और समृद्धि की कामना की। मौके पर विधानसभा के अध्यक्ष विजय कुमार चौधरी भी मौजूद थे।
सैदपुर हॉस्टल में मां सरस्वती की पूजा करते सांसद चिराग पासवान।