सामाजिक वानिकी के तहत हर पंचायत में लगेंगे 20 हजार पौधे
राज्यमें सामाजिक वानिकी योजना के तहत सभी पंचायतों में 20-20 हजार पौधे लगाए जाएंगे। सरकार ने ग्रामीण इलाकों में लोगों को रोजगार उपलब्ध कराने के लिए इस योजना पर तेजी से काम करना शुरू कर दिया है। इस योजना को मनरेगा से जोड़ा गया है, जिसके तहत सड़क किनारे, सामुदायिक भूमि, मंदिर परिसर, कब्रिस्तान और स्कूलों के अलावा खाली पड़ी सरकारी जमीन पर पौधा लगाने का निर्देश दिया गया है।
हर पंचायत में पांच किमी सड़क की पहचान कर उसके किनारे पौधे लगाए जाएंगे। बाढ़ग्रस्त 28 जिलों में बांस के पौधे लगाए जाएंगे, जबकि अन्य इलाकों में अर्जुन, नीम, करंज, जामुन, शीशम और टीक के पौधे लगाए जाएंगे। योजना से जॉब कार्डधारियों को जोड़ा जाएगा। 200 फलदार पौधों और एक हजार बांस के पौधों के साथ दो-दो वन पोषकों को जोड़ा जाएगा और 90 फीसदी पौधों के जीवित रहने की स्थिति में प्रति पौधा सात रुपए का मानदेय दिया जाएगा।