मेडिकल छात्रों ने बैंककर्मी को जीएम की कार से खींचकर पीटा
आईजीआईएमएसमेडिकल काॅलेज के छात्रों ने मंगलवार को इलाहाबाद बैंक के जीएम की कार से खींच कर एक बैंककर्मी की पिटाई कर दी। कार में भी तोड़फोड़ की। बीच-बचाव करने और धक्का-मुक्की में जीएम गिर गए। उनका चश्मा टूट गया। घटना के बाद छात्र फरार हो गए। घटना की जांच के लिए तीन सदस्यीय कमेटी गठित की गई है।
मेडिकल सुपरिटेंडेंट डॉ. प्रभात कुमार सिन्हा के मुताबिक, एमबीबीएस सेकंड ईयर का छात्र शिव पुरारी ने एजुकेशन लोन ले रखा है। उसी सिलसिले में वह बैंक गया था। महिला बैंक मैनेजर से उसका विवाद हो गया। बैंक मैनेजर ने कहा कि नियम है कि पास करने का प्रमाणपत्र देना होगा, तभी लोन की किस्त मिलेगी। विवाद बढ़ा तो बैंक का कैशियर अतुल पहुंच गया। कुछ देर बाद शिव पुरारी ने अन्य छात्रों को बुला लिया। इलाहाबाद बैंक की दूसरी शाखा के कर्मचारी अधिकारी भी पहुंच गए। जीएम अपनी कार से अतुल को ले जा रहे थे, तभी छात्रों ने उसे कार से खींचकर बाहर निकाला और पिटाई कर दी। आरोपी छात्र शिव पुरारी की तलाश हुई, तो उसने अपना मोबाइल बंद कर लिया था। घटनास्थल पर संस्थान के निदेशक डॉ. एनआर विश्वास, प्राचार्य डॉ. उदय कुमार आदि पहुंचे। बैंक कर्मचारियों संग बैठक हुई। संस्थान के निदेशक ने कहा कि जांच रिपोर्ट आने के बाद छात्र पर कड़ी कार्रवाई होगी। सस्पेंड भी किया जा सकता है। जांच कमेटी में डॉ. राघवेंद्र, डॉ. प्रभात सिन्हा और डॉ. उदय कुमार शामिल हैं। मेडिकल सुपरिटेंडेंट ने कहा कि बैंक कर्मचारी छात्र पर केस कराना चाहते थे। लेकिन, कार्रवाई का आश्वासन मिलने पर नहीं दर्ज कराई।
मारपीट की घटना में क्षतिग्रस्त कार और घायल बैंक कर्मी।