सिटी एसपी भी रखेंगे जाम पर नजर
पटना। सिटीएसपी भी जाम पर नजर रखेंगे। सड़कों पर ट्रैफिक अगर गड़बड़ मिली तो उचित कार्रवाई करेंगे। आवश्यकतानुसार थानों के स्तर भी जाम हटाने या समाप्त करने को लेकर दिशा-निर्देश देंगे। यह प्रक्रिया पटना के तीनों सिटी एसपी की दैनिक रूटीन में शामिल होगी। इसको लेकर मंगलवार को हुई उच्चस्तरीय बैठक में डीआईजी (सेंट्रल रेंज) शालीन ने सभी सिटी एसपी को विशेष निर्देश दिए हैं। गांधी सेतु या न्यू बाइपास से लेकर शहर के खासकर प्रमुख इलाकों जंक्शन गोलंबर, डाकबंगला, आयकर गोलंबर, गांधी मैदान, बेली रोड, बोरिंग रोड, हड़ताली मोड़ अन्य सड़कों पर निगरानी रखनी है। मीटिंग में सिटी एसपी (ईस्ट) सयाली धूरत, सिटी एसपी (सेंट्रल) चंदन कुशवाहा आैर सिटी एसपी (वेस्ट) राजीव मिश्रा के अलावा ट्रैफिक पुलिस के सभी डीएसपी सार्जेंट मेजर उपस्थित थे।
मुहिम में ढिलाई पर जताई नाराजगी
लहरियाकट, ट्रिपल लोडिंग आैर बिना हेलमेट बाइक ड्राइविंग के खिलाफ चलाई जा रही विशेष मुहिम के दौरान हालिया ढीले-ढाले रवैये पर डीआईजी (सेंट्रल रेंज) शालीन ने नाराजगी जताते हुए कड़े तेवर का इजहार किया। हिदायत दी कि लापरवाही या लुंज-पुंज प्रदर्शन करने वाले जवान या अफसरों के खिलाफ निलंबन से लेकर विभागीय कार्रवाई तक की जाएगी। डीआईजी ने सिटी एसपी आैर ट्रैफिक डीएसपी से हर स्तर पर गड़बड़ी या कोताही को ठीक करने को कहा।