मूर्ति बैठाने के लिए लाइसेंस जरूरी
बिनालाइसेंस सरस्वती पूजा में प्रतिमा स्थापित नहीं कर सकेंगे। प्रतिमा बैठाने के लिए लाइसेंस लेना अनिवार्य होगा। जिलाधिकारी संजय कुमार अग्रवाल ने सरस्वती पूजा की तैयारियों पर समीक्षा बैठक की। कहा है कि बिना लाइसेंस किसी भी पूजा समिति को मूर्ति स्थापित करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। अगर कोई जबरन चंदा वसूली करता है तो कार्रवाई होगी। पूजा आयोजकों को निर्देश दिया गया है कि थाने में पूजा आयोजन से संबंधित जानकारी उपलब्ध कराएं। अनुमंडल पदाधिकारी, अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी, प्रखंड विकास पदाधिकारी, अंचलाधिकारी तथा थानाध्यक्ष को आयोजकों के नाम, पता और मोबाइल नंबर की सूची रखने का निर्देश दिया गया है।
संवदेनशीलस्थलों पर विशेष निगरानी : सरस्वतीपूजा के समय संवदेनशील स्थलों के साथ पटना विवि और विभिन्न छात्रावासों में आयोजन पर विशेष निगरानी की जाएगी। जिलाधिकारी ने थानाध्यक्ष को निर्देश दिया है कि वसंत पंचमी के दिन के साथ रात्रि गश्ती पर विशेष ध्यान दें। सांप्रदायिक रूप से संवेदनशील स्थलों पर विशेष निगरानी रखने को कहा है। विधि व्यवस्था से संबंधित छोटी-छोटी बात पर गंभीरता से कार्रवाई की जाएगी। आयोजन समिति से विसर्जन के लिए स्थल और विसर्जन का समय सुनिश्चित किया जाएगा।
पुलिस प्रशासनिक पदाधिकारियों की छुट्टी रहेगी रद्द
सरस्वतीपूजा के सफल एवं शांतिपूर्ण आयोजन के लिए जिले के सभी प्रशासनिक पदाधिकारी एवं पुलिस पदाधिकारियों का राजकीय अवकाश रद्द रहेगा। विसर्जन के समय पुख्ता सुरक्षा व्यवस्था होगी। हर घाट पर मजिस्ट्रेट के नेतृत्व में पुलिस पदाधिकारी, लाठी बल, गोताखोर रहेंगे ताकि किसी प्रकार की अप्रिय घटना हो। विसर्जन के बाद अगले दिन सभी घाटाें की सफाई कराने को कहा गया है। बैठक में वरीय पुलिस अधीक्षक, सभी नगर पुलिस अधीक्षक, पुलिस अधीक्षक ग्रामीण, अपर जिला दंडाधिकारी, सभी अनुमंडल पदाधिकारी आदि उपस्थित थे।
जबरन चंदा वसूली पर दर्ज होगा रंगदारी का मामला
पटना|सरस्वतीपूजा के लिए जबरन चंदा वसूली करनेवालों की खैर नहीं है। ऐसी किसी शिकायत पर उनके खिलाफ रंगदारी का मामला दर्ज होगा। एसएसपी मनु महाराज ने इस संबंध में सभी थानाध्यक्षों को निर्देश जारी करते हुए ऐसी किसी शिकायत पर तत्काल कार्रवाई करने को कहा है। आम लोगों से भी अपील की गई है कि अगर उनसे कोई जबरन चंदा मांगता है तो इसकी शिकायत डायल-100 सहित अपने थाने या सीधे पुलिस कार्यालय में कर सकते हैं। थानाध्यक्षों से कहा गया है कि शिकायत मिलने पर तत्काल घटनास्थल पहुंच कर हो सके तो रंगेहाथ ऐसे लोगों की गिरफ्तारी की जाए। एसएसपी ने कहा कि पूजा समिति लोगों की स्वेच्छा से ही चंदा ले सकती है। इसमें किसी तरह के दबाव का इस्तेमाल हुआ तो कार्रवाई तय है।