अब भी हैं ढेरों चुनौतियां, पर बिहार को बहुत आगे ले जाना है : नीतीश
मुख्यमंत्रीनीतीश कुमार ने कहा- सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य और बिजली के क्षेत्र में अब भी बहुत चुनौतियां सामने खड़ी हैं। फिर भी बिहार के विकास को काफी आगे ले जाना है। लोगों की सरकार से बहुत अधिक अपेक्षा है। न्याय के साथ विकास के पथ पर राज्य को तेजी से आगे बढ़ाने के लिए विभिन्न विभागों के बीच बेहतर समन्वय, त्वरित निर्णय, प्रक्रियाओं के सरलीकरण और आधारभूत संरचना को सुदृढ़ करना होगा। नीतीश, मंगलवार को बिहार विकास मिशन की पहली बैठक को संबोधित कर रहे थे।
उनके अनुसार बिहार विकास मिशन विभागों को आवश्यक सहायता प्रदान करेगा, जिससे विभाग अपने लक्ष्य को और अधिक सुगमता और तीव्रता से हासिल कर सकें। मिशन के माध्यम से विकसित बिहार के 7 निश्चय, कृषि रोड मैप, मानव विकास मिशन, कौशल विकास मिशन, औद्योगिक प्रोत्साहन और आधारभूत संरचना के कार्यक्रमों की मॉनिटरिंग होगी।
अतीशचंद्रा होंगे बिहार विकास मिशन के मिशन निदेशक : मुख्यमंत्रीके सचिव अतीश चंद्रा बिहार विकास मिशन के मिशन निदेशक का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सामान्य प्रशासन विभाग इस आशय की अधिसूचना जारी कर दी है।
नियुक्ति में तेजी लाएं : मुख्यमंत्रीने विभागों में कर्मियों की कमी को पूरा करने के लिए नियुक्ति प्रक्रिया में तेजी लाने का निर्देश दिया। कहा कि बहाली के लिए कैलेंडर निर्धारित करने, एक ही परीक्षा के माध्यम से प्राप्तांक च्वाईस के आधार पर अलग-अलग सेवाओं में भर्ती करने और तकनीकी सेवा के लिए अलग परीक्षा आयोजित करने जैसे उपाय किए जा रहे हैं। मुख्य सचिव अंजनी कुमार सिंह ने अधिकारियों को अपने-अपने विभाग में मॉनिटरिंग की व्यवस्था को और कारगर बनाने का निर्देश दिया। अतीश चंद्रा ने पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन दिया। कैबिनेट विभाग के प्रधान सचिव ब्रजेश मेहरोत्रा ने स्वागत भाषण किया।
बिहार विकास मिशन की पहली बैठक में मुख्यमंत्री नीतीश कुमार, मुख्य सचिव अंजनी कुमार िसंह अन्य अधिकारी।
‘विरोधियों का कलेजा फटेगा, हमारे बीच झगड़ा लगाएंगे, लेकिन हमें अपने काम में जुटे रहना है’
मुख्यमंत्रीनीतीश कुमार ने कहा कि हमारे विरोधी हम पर गलत आरोप लगाते हैं। मर्यादाओं का उल्लंघन कर रहे हैं। सोशल मीडिया में दूसरे राज्यों की घटनाओं को भी बिहार का बताकर कह रहे हैं कि बिहार में जंगलराज गया। उनको गंदे शब्दों से भी परहेज नहीं। नीतीश, बिहार विकास मिशन की बैठक में अपने मंत्रियों से मुखातिब थे। उन्होंने मंत्रियों से कहा-हम उनकी (विपक्ष) हर नापाक बात का जवाब अपने काम से दें। जनता को काम से मतलब है। हमारे काम से हमारे विरोधियों का कलेजा फटेगा, उनमें जलन होगी, वे हमारे बीच झगड़ा लगाएंगे, भ्रम पैदा करेंगे। बिल्कुल ध्यान नहीं दें। एक्शन मोड में काम करें। 1 अप्रैल से देशी शराब बंद होगी। 1 मई से लोक शिकायत निवारण कानून लागू होगा।
विकासमिशन की कार्यशैली : नीतीशबोले-जिला स्तर पर हर महीने जिला विकास मिशन की बैठक होगी। जिला कार्यान्वयन समिति की बैठक अलग से होगी। मुख्य सचिव के स्तर पर कार्यसमिति की बैठक में हर तरह की समस्याओं का समाधान किया जायेगा। दो महीने पर मेरी अध्यक्षता में मिशन की बैठक होगी। प्रभारी मंत्रियों की भूमिका अहम होगी।
मुख्यमंत्री ने कहा-हर गांव स्मार्ट गांव बनेगा। तब लोग स्मार्ट सिटी की तरफ झांकने भी नहीं जाएंगे। उनके अनुसार अगर युवाओं को शिक्षित नहीं करेंगे तो बिहार का विकास कैसे होगा? साक्षरता के मामले में बिहार को देश के शीर्ष पांच प्रदेशों से आगे ले जाना है। उन्होंने स्टूडेंट क्रेडिट कार्ड, स्किल डेवलपमेंट, स्वास्थ्य, शिक्षा, कल्याण, बाल विवाह, भ्रूण हत्या आदि की व्यापक चर्चा की।
मुख्यमंत्री ने कहा कि बिहार के लोग मेहनती और मेधावी हैं। कृषि के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। यहां का इतिहास प्राचीन और गौरवशाली है। पर्यटन के क्षेत्र में अपार संभावनाएं हैं। अगर इन चीजों की ब्रांडिंग सही तरीके से हो जाए तो यहां काफी लोग आएंगे और आर्थिक तरक्की भी होगी। अनेक वित्तीय संस्थाएं भी मदद के लिए आगे आएंगी। इन सबसे बिहार के विकास में तेजी आएगी।