मार्च 2017 तक दीघा सड़क सेतु होगा चालू
पटना। दीघासड़क सेतु मार्च 2017 तक चालू हो जाएगा। सोनपुर एप्रोच रोड में आने वाले जमीन मालिकों की सहमति से जमीन की नापी शुरू हो गई है। 2.56 किलोमीटर एप्रोच एलाइनमेंट में 350 रैयतों की जमीन है। पहले चरण में 600 मीटर एलिवेटेड एप्रोच एलाइनमेंट के लिए अनवरत लीज एग्रीमेंट के तहत जमीन अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू है। गुरुवार को भी 81 लाख रुपए का चेक 8 ग्रामीणों को दिया गया। ग्रामीणों ने सरकार से रजिस्टर्ड एग्रीमेंट कर जमीन एप्रोच निर्माण के लिए पुल निर्माण निगम को सौंप दी। पुल निगम के अधिकारी नवाब आलम ने कहा कि 2.56 किलोमीटर एप्रोच में से 600 मीटर दूरी में एलिवेटेड निर्माण की बाधा दूर हो गई है। और डेढ़ दर्जन ग्रामीणों के साथ एग्रीमेंट करना है। एलिवेटेड के आगे की 1.9 किलोमीटर जमीन की नापी शुरू हो गई है। एक वर्ष में पूरे 2.56 किलोमीटर एलाइनमेंट में एप्रोच रोड बना दिया जाएगा। इससे मौजूद पहलेजा-हरिहरनाथ रोड होते हुए यह एप्रोच रोड सोनपुर-छपरा नेशनल हाइवे में जुड़ जाएगा। सभी 350 परिवारों की कुल 38.4 एकड़ जमीन के अधिग्रहण की कार्रवाई शुरू है। पुल निर्माण निगम और सारण जिला प्रशासन के अधिकारी गंगाजल, चौसिया, भरपुरा और सुलतानपुर के ग्रामीणों के लगातार संपर्क में हैं।
अगलेमहीने बन जाएगा सड़क पुल :दीघा सड़कपुल का निर्माण अंतिम चरण में है। मार्च तक पुल के पूरे हो जाने के आसार हैं। सड़क पुल से अशोक राजपथ तक पटना एप्रोच भी अक्टूबर तक बन जाएगा। इस एप्रोच रोड की अधिकांश बाधाएं दूर कर ली गई हंै। हालांकि एक ईंट-भट्ठे के मालिक की अपील पर कोर्ट ने 17 फरवरी तक पटना डीएम से काउंटर फाइल करने का निर्देश दिया है। एप्रोच एलाइनमेंट में पड़ने वाले ईंट-भट्ठे को पटना जिला प्रशासन ने 7 जनवरी को तोड़ दिया था। इसके कारण गुरुवार को गैमन एजेंसी ने ईंट भट्ठे की जमीन पर काम रोक दिया है। वैसे अशोक राजपथ से दीघा सड़क पुल को जोड़ने वाले 2 किमी. लम्बे एप्रोच पर सड़क बनाने का काम चल रहा है। सिंचाई विभाग के बाड़ को हटाने का आग्रह प्रशासन से किया गया है।