छेड़खानी के बाद हॉस्टल के छात्रों ने की बमबाजी
पटना। दरभंगाहाउस के पास गुरुवार शाम लड़की से छेड़खानी के बाद स्थानीय लोग इकबाल हॉस्टल के छात्रों में मारपीट हो गई। इससे गुस्साए हॉस्टल के छात्रों ने मौके पर आधा दर्जन बम लाकर पटक दिया। बम विस्फोट में एक 16 वर्षीय लड़की मोनी घायल हो गई। जिसके बाद स्थानीय लोगों ने भी रोड़ेबाजी शुरू कर दी। दो घंटे तक इलाके में अफरातफरी का माहौल रहा। सिटी एसपी चंदन कुशवाहा भारी संख्या में पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। हॉस्टल में जांच अभियान चलाया गया। वहां से पत्थर, ईट, रॉड, कुछ आपत्तिजनक सामग्री मिली। मौके से पुलिस ने 45 छात्रों को गिरफ्तार कर लिया है। घायल मोनी का इलाज पीएमसीएच में चल रहा है। वारदात के मूल में एक स्थानीय लड़की से हॉस्टल छात्रों द्वारा की गई छेड़खानी थी। स्थानीय लोगों के विरोध करने पर हॉस्टल छात्र उनसे भिड़ गए। पुलिस को लोगों ने बताया कि आये दिन यहां लड़कियों से छेड़खानी की जाती है। हॉस्टल के छात्र रात मे लड़कियों को कई बार अपने साथ हॉस्टल के अंदर जबरन खींच कर ले जाते हैं। विरोध करने पर मारपीट करने लगते हैं।
छापेमारी कर पकड़ा
नहीं खुला गेट, पीछे से हॉस्टल में गई पुलिस
एक-एक कोना खंगाला
सिटीएसपी जब जांच के लिए हॉस्टल के अंदर जाना चाह रहे थे तो छात्रों ने गेट बंद कर दिया। गेट खोलने के लिए कहा गया तो छात्रों ने कहा कि चाबी नहीं है। फिर पुलिस हॉस्टल के पिछले हिस्से से अंदर घुसी। एक-एक कोने काे खंगालना शुरू किया। छात्र इधर-उधर भागने लगे। एक छात्र तो हॉस्टल के पानी की टंकी के अंदर ही घुस गया था। पुलिस ने उसे खोजकर बाहर निकाला। सभी कमरों की तलाशी लेकर 45 छात्रों को हिरासत में ले लिया गया। सिटी एसपी चंदन कुशवाहा ने बताया कि छेड़खानी के बाद यहां मारपीट हुई। बाकियों की तलाश जारी है।