पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें
  • Hindi News
  • Local
  • Bihar
  • Patna
  • सख्ती हुई तो लौटने लगे कर्मचारी बैकफुट पर यूनियन, हड़ताल खत्म

सख्ती हुई तो लौटने लगे कर्मचारी बैकफुट पर यूनियन, हड़ताल खत्म

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
नगरनिगम कर्मियों की हड़ताल छठे दिन रविवार शाम समाप्त हो गई। मेयर अफजल इमाम की पहल पर नगर आयुक्त जय सिंह और यूनियन नेताओं के बीच वार्ता हुई। आश्वासन दिया गया कि मांगों पर निगम की सशक्त स्थायी समिति बोर्ड के साथ सरकार के स्तर पर निर्णय लिया जाएगा। वहीं जानकारों की मानें तो निगम प्रशासन के दबाव और धीरे-धीरे मजदूरों सफाई निरीक्षकों के काम पर लौटने से यूनियन बैकफुट पर गया था। इसलिए मजबूरन हड़ताल खत्म करने का निर्णय लेना पड़ा।

निगम प्रशासन से वार्ता के बाद यूनियन के नेता चंद्रप्रकाश सिंह ने कहा कि हमारी सभी मांगों को लेकर काफी सकारात्मक वार्ता हुई है। हमने हड़ताल समाप्त कर दी है। आश्वासन मिला है कि सरकार के मार्गदर्शन और समिति, बोर्ड की बैठक के माध्यम से हमारी मांगों को पूरा किया जाएगा।

^हड़ताल समाप्त हो गई है। हम इसके लिए लगातार पहल कर रहे थे। अब शहर की सफाई व्यवस्था पटरी पर लौट आएगी। -अफजल इमाम, मेयर

कर्मचारी यूनियन की मांग निगम प्रशासन का जवाब

यूनियन: पारिवारिक पेंशन को पांच वर्ष से बढ़ा कर आजीवन किया जाए और दैनिक मजदूरों की मजदूरी 250 से बढ़ाकर 400 रुपए प्रतिदिन किया जाए। लगातार दस वर्ष तक काम करने वाले मजदूरों को नियमित किया जाए।

निगम : आयुक्त ने कहा कि इन मुद्दों को सशक्त स्थायी समिति ने पास कर दिया है। लेकिन, ये नीतिगत के साथ वित्तीय मामला है। इस पर सरकार से राय मांगी जाएगी। उसी के अनुसार निर्णय होगा।

यूनियन : कर संग्राहकों को वेतन भुगतान अब तक नहीं किया गया।

निगम : सरकार से राय मांगी जाएगी। मेयर ने कहा कि भुगतान में समस्या है तो इसे निगम बोर्ड से तय कर लिया जाए।

यूनियन : कर्इ कर्मी प्रभार के रूप में कर्इ पदों पर काम रहे थे। उन्हें अब मूल पद पर वापस भेजा जा रहा है, जो गलत है।

निगम : आयुक्त ने कहा कि पदोन्नति करने पर विचार किया जाएगा।

नगर निगम मुख्यालय के नियंत्रण कक्ष में ड्यूटी लगाने के बावजूद उपस्थित नहीं होने के आरोप में छह कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। नगर आयुक्त जय सिंह ने बताया कि रोस्टर के अनुसार कर्मियों को रविवार को भी ड्यूटी पर लगाया गया था। लेकिन, शुक्रवार और रविवार को निरीक्षण के दौरान ये कर्मी नहीं थे। उनसे जवाब मांगा गया है। जवाब से संतुष्ट नहीं होने पर अनुशासनहीनता के आरोप में विभागीय कार्यवाही की जाएगी। जलापूर्ति शाखा के उमेश प्रसाद, नगर निगम के कामेश्वर पासवान, सुरेंद्र सिंह, श्रीकृष्णा सिंह, सीता राम और कलीम को नोटिस जारी किया गया है।

उठने लगा कूड़ा, मिली राहत

रविवारको सभी अंचलों में कचरा का उठाव किया गया। नूतन राजधानी अंचल की प्रमुख सड़कों के अलावा गली-मोहल्लों से भी कचरा उठा। कंकड़बाग अंचल की स्थिति भी बेहतर रही। विशेष उपकरण लगाकर कचरे का उठाव किया गया। बांकीपुर अंचल की स्थिति खराब थी। इसके लिए निगम मुख्यालय के सहयोग से संसाधन और मजदूरों की संख्या बढ़ा दी गई थी। कार्यपालक पदाधिकारी अब्दुल हामिद ने बताया कि राजेन्द्रनगर से लेकर कदमकुआं इलाके में अभियान चलाकर कचरा का उठाव किया गया था।

खबरें और भी हैं...