पटना- राजद के संगठन चुनाव के विवादित जिलों की रिपोर्ट पूर्वे को मिली
राजद के संगठनात्मक चुनाव के विवादों के निपटारे के लिए गठित चुनाव विवाद निवारण समिति ने विवादित जिलों की सुनवाई पूरी कर अपनी रिपोर्ट प्रदेश अध्यक्ष डाॅ. रामचंद्र पूर्वे को सौंप दी है। रविवार को विवाद निवारण समिति के संयोजक डाॅ. विनोद कुमार यादवेन्दु और सदस्य डाॅ. सुधांशु शेखर भास्कर एवं रेयाजुल हक राजू ने यह रिपोर्ट सौंपी। उन्होंने दो सप्ताह तक विवादित जिलों के सभी पक्षों को सुना। साथ ही संबंधित जिलाें के जिला निर्वाची पदाधिकारी, प्रखंड निर्वाची पदाधिकारी एवं पंचायत निर्वाची पदाधिकारी द्वारा दिए गए प्रतिवेदनों, मतदाता सूची तथा सक्रिय सदस्यों की सूची का अवलोकन किया। फिर आगे की कार्रवाई की अपनी अनुशंसा के साथ रिपोर्ट तैयार की। अब प्रदेश अध्यक्ष उस रिपोर्ट के आधार पर आगे की कार्रवाई करेंगे।