चंदा नहीं देने पर फायरिंग, पिटाई
सरस्वतीपूजा के चंदा को लेकर हुए विवाद में बुधवार की रात छात्रों ने रामपुर नहर स्थित दुकानदारों के साथ जमकर मारपीट, फायरिंग बमबाजी की। घटना में तीन दुकानदार जख्मी हुए हैं। पुलिस ने घटनास्थल से एक बम बरामद किया है। पुलिस इस मामले में छापेमारी कर रही है। देर रात नूतन छात्रावास में छापेमारी हुई।
रात करीब नौ बजे एक दर्जन से अधिक युवक रामपुर नहर स्थित बाजार में पहुंच कर दुकानदारों से सरस्वती पूजा के नाम पर रसीद बढ़ा कर मनमाना चंदा की वसूली करने लगे। इसके बाद कुछ दुकानदार गोलबंद होकर विरोध करने लगे। इस पर चंदा मांग रहे युवकों ने एक दुकानदार के साथ मारपीट शुरू कर दी। यहां से ही विवाद बढ़ गया। रामपुर नहर स्थित सीमा देवी के मकान के समीप ही पिंटू गुप्ता, मो गुडू मंजू की दुकान है। युवक इन दुकानों में घुस कर तोड़फोड़ कर समान को बाहर फेंकने लगे। दुकानदारों ने जब विरोध किया तब एक युवक ने हवाई फायरिंग कर दी। पूरे बाजार में अफरातफरी मच गई। लोग इधर-उधर भागने लगे। इस दौरान दो तेज आवाज हुआ। लोगों का कहना है कि भाग रहे युवकों ने दो बम पटका है। इसमें पिंटू गुप्ता, मो गुडू, मंजू जख्मी हो गए। महिला सीमा देवी की वहीं पर बुटिक की दुकान है, उसमें भी घुस कर तोड़फोड़ की है।
एसएसपी मनु महाराज ने बताया कि घटना में तीन लोग मामूली रूप से जख्मी हुए हैं। घटनास्थल से पुलिस ने एक सुतली बम बरामद किया है। बदमाशों के खिलाफ छापेमारी की जा रही है। वहां पर बल की तैनाती कर दी गई है।
घटनास्थल पर बिखरा टूटा शीशा।
महिला के साथ मारपीट किए जाने की बात भी सामने आई है। प्रत्यक्षदर्शियों ने घटनास्थल पर बताया कि घटना के बाद तीन युवक समीप के गली के रास्ते जाने के बाद बाइक पर सवार होकर हथियार लहराते हुए वहां से भागे हैं। घटना की सूचना पाकर मौके पर सुल्तागंज, आलमगंज, बहादुपुर, के अलावा अन्य थानों की मोबाइल पहुंची। पुलिस की एक टीम युवकों के भागने की दिशा में जांच पड़ताल की लेकिन पुलिस को कुछ सफलता नहीं मिल सकी है। सिटीएसपी डीएसपी भी घटना स्थल पर पहुंचे। घटना के बाद काफी संख्या में लोग वहां जुट गए। दुकानदारों ने बताया कि पिछले दो दिनों से समीप के लॉज के छात्र दुकानदारों के साथ जबरन चंदा की मांग कर रहे थे। पुलिस फायरिंग की घटना से इनकार करती है।