एपीएससी के लिए दिया जमीन चिह्नित करने का आदेश
दीदारगंजटोल प्लाजा के नजदीक बसे कोठिया गांव में अतिरिक्त प्राथमिक उपचार केंद्र के लिए जमीन चिह्नित करने का आदेश पटना सदर के अंचलाधिकारी ने गांव के कर्मचारी को दे दिया है। अंचलाधिकारी ने गांव और इसके पास के सरकारी जमीन का रिकॉर्ड दुरुस्त कर जमीन के एक-एक हिस्से की जानकारी कर्मचारी से मांगी है। जिस हिस्से पर अतिक्रमण है, उसकी जानकारी लेने के लिए कहा गया है।
डीबी स्टार ने पांच साल बीत गए, जमीन नहीं कर पाए चिह्नित शीर्षक से खबर को 1 फरवरी के अंक में प्रकाशित किया था। खबर में बताया गया था कि गांव में अतिरिक्त प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र बनाने के लिए कैबिनेट में पांच साल पहले निर्णय लिया गया था। इसके बावजूद कुछ काम नहीं हुआ। स्वास्थ्य सुविधा नहीं होने के कारण इलाज के लिए दूर जाना पड़ता है।
इस खबर पर अपने स्तर से जानकारी लेने के बाद पटना सदर के सीओ शमीम मजहर ने कहा कि एपीएचसी को जमीन उपलब्ध कराना हमारी प्राथमिकता में शामिल है। हम कोशिश करेंगे कि इस महीने के अंत तक एपीएचसी के लिए जरूरी जमीन उपलब्ध हो जाए। अगर किसी स्थिति में जमीन चिह्नित नहीं हो सकी, तब मैं खुद गांव का दौरा करूंगा। उन्होंने कहा कि मुख्य शहर से दूर होने के कारण पहले इस पर ध्यान नहीं दिया गया, लेकिन अब ऐसा नहीं होगा। भवन निर्माण के लिए जमीन कुछ दिनों में उपलब्ध करा दी जाएगी।
1 फरवरी के अंक में प्रकाशित
सात कट्ठा जमीन की आवश्यकता
एपीएचसीके लिए सात कट्ठा जमीन की आवश्यकता है, लेकिन पटना सदर के प्रभारी स्वास्थ्य पदाधिकारी का कहना है कि जमीन उपलब्ध नहीं रहने पर चार कट्ठा में भी भवन का निर्माण कर लिया जाएगा। अस्पताल में छह बेड उपलब्ध रहेंगे। यहां कई तरह की बीमारियों का इलाज संभव होगा।
FOLLOW-UP