मेगा ब्लॉक से गुस्से में यात्री रोड़ेबाजी में एसएम जख्मी
सिटी रिपोर्टर| खगौल/खुसुरपुर/फतुहा/ िबहटा
दानापुररेल मंडल के खुसरुपुर स्थित करौटा स्टेशन पर नॉन इंटरलॉकिंग कार्य के लिए शुक्रवार को दोपहर सवा दो बजे से सवा चार बजे के लिए मेगा ब्लॉक करने की सूचना दी गई थी। पर मेगा ब्लॉक सवा छह बजे तक चला। इससे कई ट्रेनें जहां-तहां घंटों खड़ी रहीं। गुस्साए यात्रियों ने खुसरुपुर स्टेेशन पर शुक्रवार शाम रोड़ेबाजी की। इसमें स्टेशन मास्टर समेत कई रेलकर्मी जख्मी हो गए। गुलजारबाग और बिहटा में भी यात्रियों ने हंगामा किया। पटना-मोकामा झाझा पैसेंजर ट्रेन को करौटा में रोका गया। थोड़ी देर बाद पटना-एर्नाकुलम आई। ज्यादा देर होने पर पैसेंजर ट्रेन के यात्री स्टेशन मास्टर पर ट्रेन को खोलने का दबाव बनाने लगे। नहीं खोलने पर रोड़ेबाजी शुरू कर दी। टिकट काउंटर को भी निशाना बनाया। इसमें जिसमें स्टेशन प्रबंधक एसके त्रिपाठी घायल हो गए। हंगामा के बाद झाझा पैसेंजर को खुसरुपुर से आगे बढ़ाया गया। वरीय मंडल अभियंता-2 अमित वत्स ने बताया कि नॉन इंटरलॉकिंग कार्य पूरा नहीं होने की वजह से मेगा ब्लॉक को दो घंटे बढ़ाया गया। इधर, बिहटा स्टेशन पर कई गाड़ियां खड़ी थी। यात्रियों ने स्टेशन मास्टर के कक्ष में हंगामा किया।