जेएनयू छात्र नेता की गिरफ्तारी लोकतंत्र की हत्या : भाकपा
पटना | जेएनयूछात्र संघ के अध्यक्ष कन्हैया की गिरफ्तारी को भाकपा ने लोकतंत्र की हत्या बताया है। भाकपा राज्य सचिव मंडल ने कहा साजिशपूर्वक केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह के आदेश पर कन्हैया को गिरफ्तार किया गया है। यह लोकतंत्र की हत्या करने वाली फांसीवादी कार्रवाई है। भाकपा हमेशा ही भारत विरोधी शक्तियों और तत्वों के खिलाफ कठोर कार्रवाई के पक्ष में रहा है। भाकपा माले के महासचिव दीपंकर भट्टाचार्य ने कहा कि जेएनयू छात्र संघ के अध्यक्ष की गिरफ्तारी निंदनीय है। राष्ट्रद्रोह का आरोप बिल्कुल गलत है। दलित छात्र रोहित वेमुला के लिए न्याय की मांग के लिए आंदोलन कर रहे छात्रों को निशाना बनाया जा रहा है।
पूर्व सांसद शिवानंद तिवारी ने कहा कि जेएनयू छात्र संघ अध्यक्ष की गिरफ्तारी तिल को ताड़ बनाने जैसा है। हमारा देश इतना नाजुक और कमजोर नहीं है, जो चंद भ्रमित युवाओं के नारा लगाने से कमजोर हो जाएगा। इसलिए केंद्र सरकार इन नौजवानों को चेतावनी देकर मुक्त कर दे। ऐसा लग रहा है कि देश अतिवाद के दौर में दाखिल होता जा रहा है। एक ओर हिंदुत्ववादी हैं, जो देश को अपने मुताबिक बदल देने के लिए बेचैन दिखाई दे रहे हैं। जो इनसे असहमत हैं, उनपर राष्ट्रविरोधी होने का तमगा चिपका दे रहे हैं। दूसरी ओर अति क्रांतिकारी नौजवानों का देशभर में बिखरा कुछ समूह है, जो बीफ खाने की सार्वजनिक वकालत कर हिंदुत्व का मुकाबला करना चाहता है।