चावल गड़बड़ी की हो जांच, दोषी अफसरों को किया जाए निलंबित
खाद्यउपभोक्ता संरक्षण मंत्री मदन सहनी ने भोजपुर में चावल गड़बड़ी में शामिल गोदाम प्रबंधक और अन्य अधिकारियों को निलंबित करने का निर्देश दिया है। मंत्री ने इस मामले की जांच आर्थिक अपराध इकाई से कराने को भी कहा है। भोजपुर में 30 जनवरी को छापेमारी हुई थी। जिसमें पाया गया कि एसएफसी नवादा के अमराई गोदाम से चावल भोजपुर के पीरो और गड़हनी के गोदाम में नहीं उतार कर सिकरहट्टा स्थित सिंह राइस मिल के गोदाम में उतार दिया गया। यह चावल पीडीएस में गरीबों के लिए सस्ती दर पर दिया जाना था। इस मामले में तरारी के प्रखंड आपूर्ति पदाधिकारी ने दोषियों आरोपितों पर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मंत्री ने एसएफसी के प्रबंध निदेशक अरविंद कुमार सिंह को छापेमारी में पकड़े गए दोषी पदाधिकारी भोजपुर के जिला प्रबंधक कुमार पटेल, नवादा के अमराई के सहायक गोदाम प्रबंधक मशकूर आलम खां और पीरो के सहायक गोदाम प्रबंधक दिलीप कुमार सिंह को निलंबित कर विभागीय कार्रवाई का निर्देश दिया है। मुख्य परिवहन अभिकर्ता राज ट्रेडर्स के मालिक एवं सिंह राइस मिल के मालिक और संविदा के आधार पर बहाल लिपिक रविरंजन कुमार और 4 जी कंपनी के सहायक के विरुद्ध कार्रवाई का निर्देश दिया।