परीक्षाओं में कॉलेज भी लगाएंगे मोबाइल जैमर
पटना| परीक्षासे पहले पेपर लीक होने की घटनाओं को रोकने के लिए विवि अनुदान आयोग ने नई नीति बनाई है। आयोग ने कॉलेजों विश्वविद्यालयों को मोबाइल जैमर का इस्तेमाल करने की छूट दे दी है। मोबाइल जैमर लगाए जाने के बाद परीक्षाओं के दौरान तकनीक का इस्तेमाल कर कोई कदाचार नहीं कर सकेगा।
आयोग ने अपने निर्देश में कहा है कि शैक्षणिक परिसरों में लगाया जाने वाला मोबाइल जैमर अस्थायी तौर पर ही लगेगा। आयोग ने स्थायी जैमर लगाने की अनुमति नहीं दी है। आयोग का कहना है कि परीक्षाओं के दौरान अस्थायी तौर पर जैमर लगाए जाएं, लेकिन इसमें राज्य सरकार द्वारा तय मानकों का भी पूरा ख्याल रखा जाए। इस संबंध में पटना विवि के प्रतिकुलपति प्रो. आरके वर्मा का कहना है कि यूजीसी ने जैमर लगाने को लेकर जो सलाह दी है, वह निश्चित तौर पर विचारणीय है। कदाचारमुक्त परीक्षाओं का संचालन किसी भी संस्थान की प्राथमिकता होती है, हमारी भी है। हम इस पर जरूर विचार करेंगे।