सुदर्शन पथ पर हंगामा, आगजनी
नूनका चौराहा के पास मोबाइल दुकान में चोरी से आक्रोशित लोगों ने शुक्रवार को सुदर्शन पथ पर दो घंटों तक जाम लगाया। टायर फूंककर आगजनी भी की। प्रदर्शनकारियों का कहना था कि क्षेत्र में चोरी की घटनाएं लगातार हो रही हैं, लेकिन पुलिस इसे गंभीरता से नहीं ले रही है।
नून का चौराहा स्थित शिवम मोबाइल दुकान में गुरुवार की रात चोरी हो गई। दुकानदार अभिषेक कुमार ने बताया कि डेढ़ लाख रुपए के मोबाइल, मेमोरी कार्ड, दस हजार रुपए, उपकरण आदि चोरी हो गए। सुबह में घटना की जानकारी मिलते ही स्थानीय लोगों का गुस्सा फूट पड़ा। सुबह 8 बजे इन्होंने सड़क को बांस-बल्ला से घेरकर यातायात ठप कर दिया। परिणाम यह हुआ कि अशोक राजपथ भी वाहनों का दबाव बढ़ गया। सूचना के बाद मौके पर पहुंची पुलिस को लोगों के गुस्से का सामना करना पड़ा। प्रदर्शनकारी मांग कर रहे थे कि दुकान से कुछ दूर सीसीटीवी कैमरा लगा है। उसे तत्काल खंगाला जाए, ताकि चोरों की पहचान हो सके। जबकि पुलिस का कहना था कि तकनीशियन की मदद से ही यह संभव है। इसी बात को लेकर पब्लिक-पुलिस में बहस भी हुई। खाजेकलां थाना पुलिस ने बताया कि चोरी की जांच की जा रही है। पुलिस ने मामले में त्वरित कार्रवाई का भरोसा दिलाया। इसके बार करीब दस बजे इस रोड पर यातायात सामान्य हो सका।
दुकान में चोरी के विरोध में रोड जाम करनेवालों को समझाती पुलिस।