पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

मूर्ति विसर्जन के दौरान मिंटो हॉस्टल के छात्रों ने की बमबाजी, लाठीचार्ज

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. मां सरस्वती की मूर्ति विसर्जन करने जा रहे मिंटो हॉस्टल के छात्रों ने अचानक बमबाजी कर दी। फायरिंग करने की भी बात सामने आई है। रविवार की शाम साइंस कॉलेज के पास अशोक राजपथ पर छात्रों ने आधा दर्जन बम पटके जिससे आसपास का इलाका थर्रा गया।
पुलिस ने किया लाठीचार्ज
बम फटने से वहां से गुजर रहे दो-तीन राहगीर व जुलूस में शामिल दो छात्र घायल हो गए। वहां पहले से ही भारी तादाद में मौजूद पुलिस ने छात्रों पर जमकर लाठियां बरसानी शुरू कर दी। छात्र पास की गलियों से लेकर सड़क पर इधर-उधर भागने लगे। सड़क पर ही मूर्ति छोड़ कर भाग गए। बाद में पुलिस ने कुछ छात्रों की मदद से एनआईटी घाट पर मूर्ति का विसर्जन करा दिया।
एसएसपी बनाए हुए हैं नजर
फिर किसी अनहोनी की आशंका देख साइंस कॉलेज और आसपास मुहल्लों में पुलिस की तैनाती कर दी गई है। एसएसपी मनु महाराज हालात पर पैनी नजर बनाए हुए हैं। थानेदार निसार अहमद ने बम चलने की पुष्टि की, लेकिन गोलीबारी से इनकार कर दिया।
तीन हॉस्टल के छात्र जा रहे थे मूर्ति विसर्जन करने
रविवार की शाम मूर्ति विसर्जन को देखते हुए अशोक राजपथ पर पुलिस पहले से ही वज्र वाहन के साथ तैनात थी। शाम में अलग-अलग सैदपुर, बीएन कॉलेज और मिंटो हॉस्टल के छात्र मूर्ति का विसर्जन करने के लिए निकले। एनआईटी घाट पर विसर्जन होना था। तीनों हॉस्टल के छात्र दूर-दूर थे। विसर्जन जुलूस के पीछे-पीछे पुलिस भी थी। इसी बीच मिंटो हॉस्टल के छात्रों ने साइंस कॉलेज के पास बम पटकना शुरू कर दिया, जिससे राहगीर व छात्रों को बमों का छींटा लगा।
मची भगदड़, ट्रैफिक व्यवस्था चरमराई
बमों के धमाके, गोलीबारी और पुलिस के लाठीचार्ज के बाद साइंस कॉलेज के पास भगदड़ मच गई। स्थानीय लोगों से लेकर दुकानदार इधर-उधर भागने लगे। दुकानदारों ने शटर गिराने शुरू कर दिए। घटना के बाद अशोक राजपथ पर ट्रैफिक व्यवस्था पूरी तरह चरमरा गई। हालत यह हुई कि ऑटो से लोग पैदल उतरकर मुहल्ले की गलियां होते चलते बने। भागने के दौरान कई लोग गिर गए।
खबरें और भी हैं...