जबरन शादी का मामला : दूल्हे का यू टर्न, कहा- सम्मान से घर लाएंगे दुल्हन

6 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
गायघाट (मुजफ्फरपुर). गायघाट के पछियारी टोले में जबरन शादी करने के मामले में अब नया मोड़ आ गया। दूल्हा अभिनय कुमार ने कहा कि वह पुलिस बर्बरता से पीड़ित अपनी दुल्हन को कोर्ट से बरी कराकर सम्मानपूर्वक घर लाएगा। दुल्हन के साथ लिए सात फेरों के सात वचन उसे याद हैं। वह पुलिस के डर से ससुराल से भागा था। 

डीएसपी पूर्वी मुत्तफिक अहमद जब मामले की जांच करने दूल्हा अभिनय के घर पहुंचे तो उसने कहा कि पुलिस को दल-बल के साथ विवाह मंडप में देख वह डर से भाग गया था। पुलिस वहां लाठी बरसा रही थी। बाद में पुलिस ने  उसे बुलाकर सादे कागज पर कई जगह साइन करा लिया। उसने यह भी कहा कि शादी पहले से तय थी।  

दुल्हन पिटाई मामले में गांववाले करेंगे आंदोलन
 
दुल्हन जूली व उसकी बहन रेखा के साथ मारपीट मामले में रविवार को गायघाट व बेनीबाद ओपी अध्यक्ष के खिलाफ ग्रामीणों व सामजिक संगठनों की बैठक हुई। बैठक में बेनीबाद ओपी अध्यक्ष उमा शंकर मांझी द्वारा महिलाओं को बर्बर तरीके से पिटाई व थाने पर दुल्हन व उसकी बहन से दुर्व्यवहार की निंदा की गई। आंदोलन का निर्णय लिया गया।
 
दुल्हन की पिटाई मामले में थानाध्यक्ष सस्पेंड
 
उधर, शादी के मंडप में दुल्हन व उसकी बड़ी बहन की बेरहमी से पिटाई मामले में जोनल आईजी के हस्तक्षेप पर गायघाट थानेदार को रविवार की शाम एसएसपी ने सस्पेंड कर दिया। डीएसपी पूर्वी ने रविवार को पूरे प्रकरण की जांच कर शाम में रिपोर्ट एसएसपी को सौंपी दी। रिपोर्ट में गायघाट थानाध्यक्ष की मौजूदगी में दुल्हन जूली व उसकी बड़ी बहन रेखा की पुलिस द्वारा बेरहमी से पिटाई करने की बात कही गई है। गायघाट थानाध्यक्ष के अलावे बेनीबाद थानाध्यक्ष सहित अन्य पुलिसकर्मी भी लपेटे में हैं। उन पर भी कार्रवाई हो सकती है।
 
ये था मामला
 
आरोप था कि गुरुवार की रात मैठी गांव के संजय भूषण के बेटे अभिनय की जबरन शादी करायी जा रही थी। इसी बीच लड़के पक्ष से सूचना पर पुलिस छापेमारी करने गई और पुलिस ने दुल्हन के साथ उसकी बहन सहित लड़की पक्ष के चार लोगों को भी अरेस्ट कर लिया। इसके बाद वहां के लोकल लोग आक्रोशित हो गए और ग्रामीण एवं पुलिस में झड़प भी हुई। पुलिस के मुताबिक, अभिनव कुमार का अपहरण जबरन शादी की नीयत से किया गया था। 
 
आगे की स्लाइड्स में देखें फोटोज...
खबरें और भी हैं...