नवादा। विधायक राजबल्लभ यादव को गिरफ्तार करने के लिए नालंदा पुलिस शनिवार शाम नवादा पहुंची। पुलिस ने राजबल्लभ के सदर प्रखंड के पथरा स्थित घर पर छापेमारी की। लेकिन, विधायक गायब मिले। बताया जाता है कि नालंदा पुलिस के आने की उन्हें सूचना मिल गई। लिहाजा, पुलिस के पहुंचने के 20 मिनट पहले वह फरार हो गए। पुलिस ने विधायक के पैतृक आवास के अलावा पंचायत भवन और कार्यालय पर भी छापेमारी की।
सबूत जुटाने के बाद हुआ नाम का खुलासा
बिहारशरीफ सदर के एसडीपीओ सैफुर्रर रहमान ने बताया कि विधायक फरार हो गए हैं। पुलिस उनकी तलाश में जुटी है। घटना के खुलासा होने के बाद ही विधायक का नाम सामने आ गया था पर पुलिस पहले साक्ष्य जुटाने में लगी थी। पुलिस सूत्रों के मुताबिक महिला थाना पुलिस ने पहले सुलेखा के पिता व पुत्र से गहन पूछताछ की। महिला व विधायक का कॉल डिटेल खंगाला गया। सबूत हाथ लगने के बाद ही विधायक के नाम का खुलासा हुआ।