पटना. बिहार बोर्ड ने मैट्रिक परीक्षा 2018 के लिए प्रश्नपत्र का नया पैटर्न वेबसाइट www.biharboard.ac.in पर अपलोड कर दिया है। यह जानकारी देते हुए बोर्ड अध्यक्ष आनंद किशोर ने बताया कि प्रश्नपत्र के इस पैटर्न के आधार पर ही सेंटअप परीक्षा का आयोजन किया जाएगा। मैट्रिक परीक्षा 2018 के लिए बदले हुए प्रश्नपत्रों के आधार पर मॉडल प्रश्नपत्रों को बोर्ड की वेबसाइट पर 15 नवंबर तक उपलब्ध कराने का लक्ष्य रखा गया है।
कुछ ऐसा है बदलाव
गणित एवं ऐच्छिक उच्च गणित : कुल अंक - 100
- वस्तुनिष्ठ, एकल सही उत्तरीय प्रश्न - 50, अंक- 50। परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी।
- लघुउत्तरीय प्रश्नों के लिए तय अंक-30, कुल 22 प्रश्न रहेंगे। किन्ही 15 प्रश्नों का उत्तर देना अनिवार्य होगा। 1 प्रश्न के 2 अंक।
- 20 अंकों के दीर्घ उत्तरीय प्रश्न रहेंगे। कुल 4 प्रश्न आएंगे या उसके अथवा में दिए गए प्रश्न में से किसी एक का उत्तर देना अनिवार्य होगा।
विज्ञान : कुल अंक - 80
- वस्तुनिष्ठ, एकल सही उत्तरीय प्रश्नों की संख्या-40, अंक 40.
- 24 अंकों के लघु उत्तरीय प्रश्न, कुल 18 प्रश्न रहेंगे, जिसमें से किन्ही 12 का उत्तर देना होगा।
माध्यमिक स्तर पर विज्ञान विषय में भौतिकी, रसायनशास्त्र एवं जीव विज्ञान का अध्ययन किया जाता है।
- भौतिकी : वस्तुनिष्ठ प्रश्न - 13. लघुउत्तरीय 6 प्रश्न रहेंगे, जिसमें 4 का उत्तर देना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रश्न 2 अंक का होगा। दीर्घउत्तरीय प्रश्न 1 होगा और उसका अथवा होगा, अंक 6 होंगे।
- रसायनशास्त्र : वस्तुनिष्ठ प्रश्न - 13. लघुउत्तरीय 6 प्रश्न रहेंगे, जिसमें 4 का उत्तर देना होगा। हर प्रश्न 2 अंक का होगा। दीर्घउत्तरीय 1 प्रश्न होगा और उसका अथवा भी होगा। कुल 5 अंक होंगे।
- जीव विज्ञान : वस्तुनिष्ठ प्रश्न-14. लघुउत्तरीय 6 प्रश्न रहेंगे, जिसमें 4 का उत्तर देना अनिवार्य होगा। हर प्रश्न 2 अंक का होगा। दीर्घउत्तरीय प्रश्न 1 होगा और उसका अथवा होगा। कुल अंक 5 होंगे।
सामाजिक विज्ञान : कुल अंक-100
सम्मिलित विषय - इतिहास, भूगोल, राजनीति विज्ञान, अर्थशास्त्र, आपदा प्रबंधन
- वस्तुनिष्ठ, एकल सही उत्तरीय प्रश्नों की कुल संख्या 40, कुल अंक 40, प्रत्येक प्रश्न 1 अंक का होगा। परीक्षा ओएमआर शीट पर ली जाएगी।
- लघु उत्तरीय प्रश्नों के लिए कुल 24 अंक होंगे। 18 प्रश्न पूछे जाएंगे जिसमें से किन्ही 12 प्रश्नों का उत्तर देना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रश्न 2 अंकों का होगा।
- दीर्घ उत्तरीय प्रश्न कुल 16 अंकों के होंगे, कुल 4 प्रश्न पूछे जाएंगे। हर प्रश्न के लिए अथवा के रूप में एक और प्रश्न दिया जाएगा। निर्धारित 4 प्रश्नों अथवा उसके अथवा में दिए गए प्रश्न में से किसी एक का उत्तर देना अनिवार्य होगा। प्रत्येक प्रश्न 4 अंकों का होगा।
इसी तरह से हिंदी, उर्दू, अरबी मैथिली, संस्कृत, अंग्रेजी विषयों की परीक्षा 100 अंकों की होगी। इसमें वस्तुनिष्ठ 50, लघु उत्तरीय 30 तथा दीर्घ उत्तरीय 20 अंकों के प्रश्न होंगे। निबंध, पत्र लेखन, अनुच्छेद लेखन, अनुवाद पर अलग-अलग अंक निर्धारित किए गए हैं।