पटना. राजधानी सहित प्रदेश के ज्यादातर शहरों का तापमान अभी ही गर्मी का अहसास करा रहा है। आमतौर पर फरवरी के अंतिम सप्ताह में तापमान की जो स्थिति होती थी, वैसी दूसरे हफ्ते में ही महसूस हो रही है। राजधानी सहित पूरे प्रदेश का अधिकतम तापमान सामान्य से चार से छह डिग्री तक ऊपर पहुंच चुका है।
सर्दी के बाद गर्मी झेलने को तैयार
कम बारिश के बाद कमजोर सर्दी झेल चुका बिहार अब तेज गर्मी झेलने को तैयार है। यदि आंकड़ों पर ध्यान दें, तो इस वक्त बिहार का अधिकतम तापमान 20 से 25 डिग्री सेल्सियस के आसपास होता था, जो 30 डिग्री के ऊपर पहुंच चुका है।
दोपहर में तेज धूप से बढ़ रही गर्मी
सुबह 10 बजे के बाद से तेज धूप के कारण गर्मी लगातार बढ़ रही है। मौसम वैज्ञानिकों की मानें, तो वातावरण पूरी तरह शुष्क बना हुआ है। यही कारण है लगातार लगातार निकल रही तेज धूप के कारण अधिकतम तापमान ऊपर चढ़ता जा रहा है। रविवार को सुबह से निकली तेज धूप के कारण राजधानी का तापमान 31 डिग्री के पार पहुंच गया है।
दो दिनों तक छाए रहेंगे बादल
मौसम विज्ञान केंद्र के निदेशक आरके गिरि बताते हैं कि हिमालय सहित देश के उत्तरी क्षेत्रों में हो रही बर्फबारी के कारण बिहार में बादल छा सकते हैं। अगले दो दिनों तक प्रदेश के कुछ इलाकों में बादल दिखेंगे। 16 फरवरी को अधिक बादल छाने की संभावना है। इस दौरान तापमान थोड़ा गिर सकता है, लेकिन 18 फरवरी के बाद फिर से तापमान ऊपर चढ़ेगा।
इस तरह समझें अधिकतम तापमान
| वर्ष | तारीख | तापमान |
| 2016 | 14 फरवरी | 31.4 |
| 2015 | 25 फरवरी | 32 |
| 2013 | 28 फरवरी | 30 |
| 2012 | 24 फरवरी | 32 |
| 2011 | 15 फरवरी | 30 |
| 2010 | 25 फरवरी | 30 |
| 2009 | 25 फरवरी | 32.2 |
प्रदेश में कहां कितना बढ़ा तापमान
| शहर | अधिकतम तापमान (कितना अधिक) |
| पटना | 31.4(6) |
| गया | 30.2(4) |
| भागलपुर | 31.0(4) |
| पूर्णिया | 30.3(4) |
| मुजफ्फरपुर | 28.4(4) |
| सुपौल | 28.9(4) |