पटना। पूर्व सांसद साधु यादव से जुड़े रंगदारी मांगने के मामले ने नया मोड़ ले लिया। बुधवार की रात सवा नौ बजे बिल्डर अनिल सिंह की ओर से साधु यादव पर 50 लाख रुपए रंगदारी मांगने व धमकाने का आरोप लगाते हुए एफआईआर दर्ज कराई गई थी। सवा दो घंटे बाद रात साढ़े 11 बजे दिल्ली के ठेकेदार प्रेमचंद ने बिल्डर के खिलाफ रंगदारी व अन्य आरोपों में कोतवाली में ही धारा 387, 420 व अन्य के तहत मामला दर्ज कराया।
इसमें बिल्डर पर धमकाने, 30 लाख रुपए मांगने व अन्य आरोप लगाए गए हैं। डीएसपी (विधि-व्यवस्था) शिबली नोमानी के मुताबिक जांच की जा रही है। दिल्ली (द्वारिका, सेक्टर 4) निवासी ठेकेदार प्रेमचंद का कहना है कि 2012 में उन्होंने कुम्हरार में बन रही बिल्डिंग (उपासना, पाटलिपुत्र ग्राम) में अपने व बहनोई डॉ. उदय भानू के नाम पर दो फ्लैटों (आई-501 व 503) खरीदने के लिए एग्रीमेंट किया था। 8-8 लाख कैश व 30-30 लाख बैंक के जरिए (कुल 76 लाख) फ्रेजर रोड में महाराजा कॉम्प्लेक्स स्थित बिल्डर के दफ्तर में भुगतान किए गए।
अब तक निर्माण पूरा नहीं हुआ है आैर इसी हालत में रजिस्ट्री से पहले बिल्डर तय कीमत से अधिक 30 लाख रुपए (15 लाख प्रति फ्लैट) मांग रहे हैं। एक सप्ताह से बिल्डर मुलाकात के लिए सामने नहीं आते आैर ऑफिस के स्टाफ के जरिए यह कह कर धमकाते हैं कि 30 लाख नहीं देने पर दोनों फ्लैट व 76 लाख रुपए से हाथ धोना पड़ेगा। बुधवार को बिल्डर के ऑफिस में हुई कहासुनी के बाद वे परिचित पूर्व सांसद साधु यादव के पास मदद की गुहार लगाने गए थे। इसके बाद पूर्व सांसद ने मोबाइल पर अनुरोध किया था पर बिल्डर ने उन्हें भी उटपटांग बोला। जमुई के मूल निवासी प्रेमचंद दो दशक से दिल्ली में रह कर ठेकेदारी करते हैं।
पुलिस के सामने खुद क्यों नहीं आए बिल्डर?
पुलिस की नजर इस पहलू पर भी है कि खुद बिल्डर अनिल सिंह)थाने में क्यों नहीं मामला दर्ज कराने पहुंचे? बिल्डर की कंपनी (पाटलिपुत्र बिल्डर्स लिमिटेड) के मैनेजर नरेंद्र कुमार चौधरी ने आरोप लगाया है कि बुधवार को 4.42 बजे व 4.45 बजे उनकी कंपनी के निदेशक अनिल सिंह के मोबाइल पर कॉल करके पूर्व सांसद साधु यादव ने 50 लाख रुपए की रंगदारी मांगी। जान मारने की धमकी दी। पुलिस के मुताबिक अनिल सिंह के खिलाफ कई मामलों में जांच चल रही है।