पाएं अपने शहर की ताज़ा ख़बरें और फ्री ई-पेपर

डाउनलोड करें

आज दिनभर पंचमी, स्कूल-कॉलेजों में मां सरस्वती की आराधना करेंगे स्टूडेंट्स

5 वर्ष पहले
  • कॉपी लिंक
पटना. मां सरस्वती की आराधना को राजधानी पूरी तरह तैयार है। पंडितों के अनुसार इस बार पंचमी तिथि 12 फरवरी को अपराह्न चार बजे शुरू हो रही है, जो 13 फरवरी को दिन भर रहेगी लेकिन शुभ मुहूर्त सुबह 10.21 बजे तक ही है। सरस्वती की पूजा को लेकर शहर के स्कूल-कॉलेज सहित अन्य शिक्षण संस्थानों में तैयारी पूरी हो चुकी है।
शुक्रवार को शहर में मां सरस्वती की प्रतिमा की खरीदारी के लिए भीड़ लगी रही। स्कूल-काॅलेजों के बच्चे मां की प्रतिमा शाम तक खरीदते नजर आए। वहीं पूजा सामग्री की दुकानों में भी काफी भीड़ रही। प्रसाद और अन्य पूजन सामग्रियों की खरीदारी हुई। स्कूलों में छात्र पूजा की सजावट में लगे थे। शहर के तमाम सरकारी एवं गैर सरकारी शैक्षणिक संस्थानों में सरस्वती पूजा की तैयारी की गयी है।
छात्र-छात्राओं में उत्साह : पूजा को लेकर छात्र-छात्राओं में काफी उत्साह है। शिक्षण संस्थाओं के अलावा हर गली, मुहल्लों में मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई है। मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित करने के लिए आकर्षक पंडाल भी बनाए गए हैं। दुकानों में स्कूली छात्रों व शिक्षकों की भीड़ देखी गई। बाजार समिति, दरियापुर, कंकड़बाग, अशोक राजपथ, राजेंद्र नगर, बोरिंग रोड आदि इलाकों में पूजा की विशेष तैयारियां की गई हैं।
जिला प्रशासन ने की तैयारी : जिला प्रशासन ने सरस्वती पूजा के अवसर पर विधि-व्यवस्था बनाए रखने की पूरी तैयारी की है। अफवाह और नफरत फैलाने वाले असामाजिक तत्वों पर पुलिस की नजर रहेगी। प्रतिमा विसर्जन के दौरान जुलूस के मार्ग और विसर्जन स्थल पर भी पुलिस की खास नजर रहेगी।
आयुर्वेदिक कॉलेज में भी हुई पूजा

राजकीय आयुर्वेद महाविद्यालय एवं अस्पताल में सरस्वती पूजा मनाई जाएगी। इस अवसर पर एनओयू के कुलपति प्रो.डॉ.रास बिहारी प्रसाद सिंह, डॉ.झूलन प्रसाद सिंह, डॉ.श्याम सुंदर गुप्ता, डॉ.विजय प्रकाश पाठक, डॉ.ओम प्रकाश, डॉ.पवन कुमार, नारायण, राजीव रंजन, रामजी सिंह सहित कॉलेज के छात्र मौजूद रहेंगे।
पीएमसीएच में 2014 बैच के छात्रों ने पूजा की
पीएमसीएच में शुक्रवार को सरस्वती पूजा धूमधाम के साथ मनाई गई। इस अवसर पर पूरे अस्पताल परिसर को शानदार तरीके से सजाया गया। सरस्वती पूजा का आयोजन 2014 बैच के छात्रों द्वारा किया गया। मां सरस्वती के दर्शन के लिए मरीज और उनके परिजन की काफी भीड़ उमड़ी।
तेजप्रताप जाएंगे जैक्सन हॉस्टल
मां सरस्वती की पूजा करने स्वास्थ्य मंत्री तेजप्रताप यादव और किशोर कुणाल जैक्सन हॉस्टल जाएंगे। वहीं इस हॉस्टल के पूर्ववर्ती छात्र भी पूजा के समय एक साथ नजर आएंगे। केंद्रीय मंत्री रामविलास पासवान और उनके सांसद पुत्र चिराग बीएन कॉलेज मेन हॉस्टल में 12 बजे पूजा अर्चना करेंगे। चिराग पासवान बीएन कॉलेज मुख्य छात्रावास, साइंस कॉलेज के कवेंडिस हॉस्टल, पटेल छात्रावास, सैदपुर अंबेडकर हॉस्टल, संस्कार इंटरनेशनल स्कूल और पार्टी कार्यालय में मां सरस्वती का दर्शन व पूजन करेंगे। उनके साथ प्रदेश प्रवक्ता अशरफ अंसारी व छात्र लोजपा के अध्यक्ष संजीव सरदार मुख्य रूप से साथ रहेंगे।मिंटो हॉस्टल, सैदपुर हॉस्टल, नूतन हॉस्टल में भी मां सरस्वती की प्रतिमा स्थापित की गई है।
गर्ल्स कॉलेजों में भी तैयारी पूरी हो गई
महिला कॉलेजों में सरस्वती पूजा की तैयारियां पूरी हो गई हैं। अरविंद महिला कॉलेज और मगध महिला कॉलेज में छात्राओं ने रंगली बनाई है। अरविंद महिला कॉलेज में कैंपस में तो मगध महिला कॉलेज में अवंतिका छात्रावास में मां की प्रतिमा स्थापित की गई है। सुबह 10 बजे से पूजा शुरू होगी। अरविंद महिला कॉलेज की शिक्षिका डाॅ. उषा झा ने बताया कि छात्रसंघ की सदस्यों ने विशेष तैयारी की है।
नीतीश ने सरस्वती पूजा पर दीं शुभकामनाएं
मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने वसंत पंचमी और सरस्वती पूजा के मौके पर प्रदेशवासियों को शुभकामनाएं दी हैं। मुख्यमंत्री ने कहा कि लोग पूरे उत्साह और श्रद्धा के साथ ज्ञान की अधिष्ठात्री देवी मां सरस्वती की पूजा आराधना करते हैं। आज ज्ञान का युग है। इसलिए राज्य सरकार ने शिक्षा के प्रचार-प्रसार के लिए कई ठोस कदम उठाए हैं। बिहार में ज्ञान का प्रकाश तेजी से फैल रहा है। इससे राज्य की सांस्कृतिक गरिमा पुन: स्थापित होगी।
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने भी दी बधाई
राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद ने राज्य व देशवासियों को वसंत पंचमी के अवसर पर बधाई व शुभकामनाएं दी हैं। उन्होंने आशा व्यक्त की है कि यह त्योहार सभी के जीवन मे सुख शां‍ति एवं समृद्धि लेके आएगा और राज्य से निरक्षरता का अंधकार पूरी तरह से समाप्त होगा। हर घर में साक्षरता का दीप जलेगा। सभी लोग शिक्षित होंगे और बिहार पूर्ण साक्षर राज्य बनेगा। उन्होंने राज्यवासियों से सरस्वती पूजा के त्योहार को आपसी मेल जोल एवं साम्प्रदायिक सौहार्द के साथ मनाने की अपील भी की।
पूर्व मुख्यमंत्री राबड़ी देवी, उपमुख्यमंत्री तेजस्वी प्रसाद यादव और स्वस्थ्य मंत्री तेज प्रताप यादव ने भी सरस्वती पूजा एवं वसंत पंचमी की हार्दिक बधाई दी है। तेजस्वी प्रसाद यादव ने कहा की हम सब आज यह संकल्प लें कि हम अपने पास पड़ोस के सभी लोगों को शिक्षित करेंगे और निरक्षरता के अंधकार को पूरी तरह से समाप्त करेंगे।
खबरें और भी हैं...