पटना. बिहार कर्मचारी चयन आयोग द्वारा जारी स्नातक स्तरीय परीक्षा के रिजल्ट पर छात्रों का आक्रोश बढ़ता जा रहा है। परीक्षा को रद्द करने की मांग को लेकर बुधवार को
छात्रों संगठनों का समूह पटना कॉलेज से सीएम का घेराव करने निकला।
वे जैसे ही जेपी गोलंबर पहुंचे पुलिस से उनकी नोकझोंक हुई। छात्र सीएम से मिलने को लेकर अड़े थे, तो पुलिस आगे नहीं बढ़ने दे रही थी। सदर अनुमंडलाधिकारी रेयाज अहमद, टाउन डीएसपी कैलाश प्रसाद, पीरबहोर इंस्पेक्टर निसार अहमद, गांधी मैदान थानाध्यक्ष निखिल कुमार पहुंचे, तब जाकर मामला शांत हुआ और छात्रों का प्रतिनिधिमंडल मुख्यमंत्री सचिवालय पहुंचा।
प्रतिनिधिमंडल में एआईएसएफ के राज्य सचिव सुशील कुमार, आईसा के राज्य सचिव मोख्तार, जन अधिकार छात्र परिषद के प्रदेश अध्यक्ष गौतम आनंद, अभिजीत आदि थे। लेकिन उनकी मुलाकात प्रधान सचिव और मुख्य सचिव से नहीं हो सकी। इस पर छात्रों ने मुख्यमंत्री के संयुक्त सचिव सुनील कुमार को चार सूत्री मांगों का ज्ञापन सौंपा।