50 मरीजों की नब्ज जांची
श्रीश्री रविशंकर की संस्था आर्ट ऑफ लिविंग की ओर से श्रीकृष्णापुरी इलाके में आयाेजित पांच दिवसीय नाड़ी परीक्षण शिविर के दूसरे दिन रविवार को 50 से अधिक लोगों का इलाज हुआ। ज्यादातर लोग पेट की बीमारी, जोड़ाें का दर्द, मधुमेह, ब्लड प्रेशर, एलर्जी से पीड़ित थे।
शिविर में डॉ सुनील कुमार त्रिपाठी ने मरीजों की नाड़ी पकड़कर पहले बीमारी को समझा फिर इलाज बताया। इस पद्धति से जटिल रोगों का जड़ से निदान होता है। आयोजन कोऑर्डिनेटर शुची ने बताया कि शहर के सिग्नेट आयुर्वेद, 46-बी श्री कृष्णपुरी, बोरिंग रोड में हर महीने नाड़ी परीक्षण शिविर का आयोजन होगा। अगले महीने यह आयोजन 10 दिनों तक चलेगा। अभी यह शिविर 24 सितंबर तक चलेगा। आयोजक एसएन प्रसाद ने बताया कि नाड़ी परीक्षा आयुर्वेद चिकित्सा पद्धति का एक अभिन्न अंग है। इसलिए हर व्यक्ति को समय-समय पर नाड़ी परीक्षण कराना चाहिए।
हेल्थ कैंप मरीजों की जांच करते डॉक्टर।
पटना| अग्रसेनसेवा न्यास की ओर से रविवार को बैंक रोड स्थित शक्तिधाम में नि:शुल्क चिकित्सा शिविर लगाया गया। इसमें 262 मरीजों की जांच हुई। इस मौके पर जरूरतमंदों को मुफ्त दवा भी उपलब्ध कराई गई। शिविर में नेत्र चिकित्सक डॉ. शशि मोहनका ने 218 लोगों के आंखों की जांच की। इसमें 46 लोगों में मोतियाबिंद पाया गया। सभी का नि:शुल्क फेको विधि से विलास नेत्रालय में ऑपरेशन किया जाएगा। इस मौके पर 35 मरीजों को चश्मा भी उपलब्ध कराया गया। उन्होंने बताया कि बरसात में आंखों के देखभाल की विशेष आवश्यकता होती है। इस मौसम में आंखों की बीमारियां होने की ज्यादा संभावना होती है। इसके अलावा मधुमेह, हेपेटाइटिस बी दांतों की बीमारियों से संबंधित जांच भी हुई। इस मौके पर डॉ. सुभाष कुमार, डॉ. नितिन मैतिन, न्यास के सचिव अमर कुमार अग्रवाल, डॉ. वीके अग्रवाल, हनुमान सहाय गोयल, अक्षय अग्रवाल, सांवरमल ड्रोलिया, एमपी जैन आदि उपस्थित थे।