बेटे ने बाप की गोली मारकर हत्या की
भास्कर न्यूज| नौबतपुर / पटना
जमीनपैसे के विवाद को लेकर पुत्र ने पिता की गोली मारकर हत्या कर दी। घटना नौबतपुर थाना के सरासत गांव में रविवार की सुबह गोली लगने के बाद 50 वर्षीय महेश सिंह को पीएमसीएच लाया गया लेकिन इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
गोली मारने के बाद बड़ा पुत्र कारू सिंह फरार हो गया। इधर पुलिस ने शव पोस्टमार्टम कराकर परिजनों को सौंप दिया। दूसरे पुत्र राकेश सिंह ने पीएमसीएच में पीरबहोर थाने की पुलिस को बयान दिया। उसने दर्ज प्राथमिकी में कहा है कि बड़े भाई यानी कारू ने गोली मारी है। पैसे जमीन के लिए विवाद होता था। कारू पहले भी जेल जा चुका है। फुलवारीशरीफ एसडीपीओ ने बताया कि पुलिस उसका सुराग लगाने में जुटी है।
गोली लगने के बाद उन्हें अस्पताल ले जाया जाने लगा। बेटे परिजन उसे लेकर सीधे पीएमसीएच के लिए रवाना हो गए। बांह पर कपड़ा आदि बांधकर उन्हें पीएमसीएच लाया गया। लेकिन तब तक खून ज्यादा निकल चुका था। उनकी इलाज शुरू हुई लेकिन मौत हो गई।
पिछले कई दिनों से कारू महेश के बीच जमीन रुपए-पैसे को लेकर विवाद चल रहा था। कारू मारपीट भी किया करता था। इस वजह से घर में भी तनाव का माहौल था। भाई में बड़ा होने की वजह से कारू को घर वाले कुछ बाेलते नहीं थे। स्थानीय लोगों ने बताया कि सुबह में महेश उठे और कुछ देर बाद नहाने चले गए। इसी बीच कारू वहां पहुंचा। दोनों के बीच नोंकझोक होने लगी। इतने में कारू ने कमर से पिस्टल निकाला और पिता को गोली मार दी। बांह में गोली लगने के बाद वे वहीं गिर गए।
जैसे ही महेश की मौत की सूचना गांव उनके घर पर पहुंची, वहां कोहराम मच गया। उनके परिजन गांव वाले कारू को बुरा-भला कहने लगे। कुछ लोग तो इतने गुस्से में थे कि अगर कारू पकड़ा जाता तो शायद उसकी भी जान ले लेते।